राजस्थान के लोगों को इस हफ्ते भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से पूरे राज्य में बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है. इससे अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहेगा और हीटवेव की स्थिति काफी हद तक कम हो जाएगी.
जयपुर मौसम केंद्र के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि अगले एक हफ्ते तक राज्य के विभिन्न इलाकों में गरज के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. 3-4 जून के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है, जिससे बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभागों में बारिश और आंधी की गतिविधियां और बढ़ जाएंगी.
इस दौरान कुछ जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इन मौसमी बदलाव के कारण राज्य के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान 45 डिग्री के नीचे बना रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी और लू से काफी राहत मिलेगी.
Monsoon को लेकर सबसे बड़े सवाल का मिल गया जवाब! भारत में एंट्री को तैयार मॉनसून
कई जगहों पर हुई अच्छी बरसात
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई है. टोंक जिले के मालपुरा में सबसे ज्यादा 72 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं, सबसे ज्यादा तापमान फलोदी में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहें.
बता दें कि बारिश का यह दौर खरीफ फसलों की बुवाई के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है. किसानों को इस मौके का फायदा उठाते हुए खेतों की तैयारी पूरी कर लेनी चाहिए. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव लगातार बना रहेगा, इसलिए पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती हैं.