राजस्थान के कोटा में 5 महिलाओं की मौत मामले की रिपोर्ट आ चुकी है. जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि महिलाओं की मौत नकली इंजेक्शन से हुई थी. यानी कि जिस इंजेक्शन को महिलाओं को दिया गया था, उसमें दवाओं की जगह पानी भरा हुआ था. जिससे डिलीवरी के बाद ब्लीडिंग नहीं रुकी और जान चली गई. वहीं अब इस मामले को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है.
कांग्रेस ने एक पोस्ट करते हुए लिखा कि BJP के 'जानलेवा सिस्टम' ने 5 महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया. मामला राजस्थान के कोटा का है, जहां सिजेरियन डिलिवरी के बाद महिलाओं को दवाई की जगह पानी का इंजेक्शन लगा दिया गया. BJP के इस 'करप्ट मॉडल' में गरीब जनता एक भरोसे के साथ सरकारी अस्पताल जाती है, लेकिन उसे मिलती है तो सिर्फ मौत.
ये घटना BJP सरकार में स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों की धज्जियां उड़ा रही है, जिसमें गरीबों को कीड़ा-मकोड़ा समझा जाता है. सत्ता में बैठे लोग मौज उड़ाते हैं. शर्म आनी चाहिए.
सीजेरियन डिलीवरी के बाद नहीं रुक रहे थे प्रसूताओं के ख़ून
जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि न्यू मेडिकल अस्पताल में महिलाओं की मौत नकली ऑक्सीटॉसिन से ही हुई थी. इंजेक्शन की जगह पानी भरे होने की वजह सीजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं के ख़ून नहीं रुके.
मामले में राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खिंवसर का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि कोटा में इंजेक्शन में ख़ाली पानी होने की वजह से ब्लिडिंग नहीं रुकी थी. जिससे महिलाओं की मौत हो गई थी. फिलहाल मामले में अब आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. आपको बता दें कि कोटा में डिलीवरी के बाद हुई महिलाओं की मौत मामले ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थी.