scorecardresearch
 

बिना पूछे आ गई बहन की शादी में, पति ने ससुराल पहुंचकर पत्नी को मारी गोली, फिर खुद की ली जान

भरतपुर के सिंघावली गांव में शादी समारोह के दौरान एक शख्स ने अपनी पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली. पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है. घटना की वजह पत्नी का बिना अनुमति मायके आना बताया जा रहा है.

Advertisement
X
घायल अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया. (Photo: Screengrab)
घायल अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया. (Photo: Screengrab)

राजस्थान के भरतपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह के दौरान पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली. इस घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है. यह मामला रूपवास थाना इलाके के गांव सिंघावली का है. यहां रहने वाली 25 वर्षीय राधिका अपनी चचेरी बहनों की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थी. घर में शादी का माहौल था और परिजन तथा रिश्तेदार एकत्रित होकर कार्यक्रम में व्यस्त थे. इसी दौरान अचानक राधिका का पति राघवेंद्र ठाकुर वहां पहुंच गया.

बताया जा रहा है कि राघवेंद्र ठाकुर, जो कि उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला था, अपनी पत्नी के बिना अनुमति के मायके आने से नाराज था. शादी समारोह के बीच वह सीधे घर पहुंचा और पत्नी के साथ कमरे में चला गया. इसके बाद उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. कुछ ही देर बाद कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि पति-पत्नी दोनों खून से लथपथ पड़े हुए थे.

पहले पत्नी को मारी गोली, फिर खुद को गोली मारी

दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राघवेंद्र ठाकुर को मृत घोषित कर दिया. वहीं राधिका की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल किया गया एक अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस भी मौके से बरामद किए गए हैं. परिजनों ने बताया कि राधिका और राघवेंद्र की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और दोनों का एक ढाई साल का बच्चा भी है.

Advertisement

मौके से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

शादी के बाद से दोनों के बीच संबंध सामान्य थे, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. जानकारी के अनुसार, राधिका की दो चचेरी बहनों की शादी थी. एक बहन की शादी एक दिन पहले ही हो चुकी थी और दूसरी बहन की बारात उसी दिन आने वाली थी. इसी खुशी के माहौल के बीच यह दुखद घटना हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया. इस घटना पर रूपवास के सीओ नीरज भारद्वाज ने बताया कि शादी समारोह के दौरान एक शख्स ने अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पति की मौत हो गई है और पत्नी को जयपुर रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement