scorecardresearch
 

अलवर में छेड़छाड़ विवाद में भीड़ ने कांस्टेबल को पीटा, खड़े देखते रहे ASI, वीडियो वायरल

अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे में ईद की खरीदारी के दौरान छेड़छाड़ के विरोध में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ा कि भीड़ ने बीच-बचाव करने पहुंचे कांस्टेबल के साथ मारपीट कर दी गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस अब CCTV और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है.

Advertisement
X
छेड़छाड़ के विरोध में दो पक्षों में हिंसक झड़प. (Photo: Screengrab)
छेड़छाड़ के विरोध में दो पक्षों में हिंसक झड़प. (Photo: Screengrab)

राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे में ईद की खरीदारी के दौरान बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित छेड़छाड़ के विरोध में दो पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक पुलिस कांस्टेबल के साथ भी भीड़ ने मारपीट शुरू कर दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक बाजार में खरीदारी के दौरान कुछ युवकों पर एक युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा. युवती के भाई ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते चले गए. इसी दौरान भीड़ के बीच एक कांस्टेबल फंस गया और उसके साथ धक्का-मुक्की के साथ मारपीट की गई.

 बाजार में ईद की खरीदारी के बीच बवाल

सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद एएसआई खड़े होकर सब कुछ देखते रहे. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस अधिकारी समय रहते समझाइश कर स्थिति को संभाल लेते तो मामला इतना नहीं बढ़ता. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह पूरी घटना थाने से करीब 100 मीटर दूरी पर हुई. इसके बावजूद काफी देर तक बाजार में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा.

Advertisement

बताया जा रहा है कि घटना में दो लोग घायल हुए हैं. इनमें अलवर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सद्दाम खान और युवती का भाई शामिल है. जानकारी के अनुसार सिपाही सद्दाम खान युवती के पक्ष का बताया जा रहा है. बता दें, एक महीने के अंदर गोविंदगढ़ में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की यह दूसरी घटना है. इसके बाद इलाके में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

CCTV और वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाजार में हंगामा और मारपीट साफ दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी आरोपियों की पहचान में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि बाजार के CCTV फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के बाद बाजार क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement