scorecardresearch
 

ओडिशा में कोविड-19 के दो नए मामले आए सामने, हेल्थ डिपार्टमेंट ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

ओडिशा में कोविड-19 के दो नए मरीज मिलने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है. तीनों मामले गंजाम जिले से सामने आए हैं. हेल्थ डिपार्टमेंट का कहना है कि दो मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है. सभी की हालत फिलहाल स्थिर है.

Advertisement
X
ओडिशा में सामने आए कोरोना केस. (Photo: Representational)
ओडिशा में सामने आए कोरोना केस. (Photo: Representational)

ओडिशा में एक बार फिर कोविड-19 के नए मामले सामने आए हैं. गुरुवार को राज्य में दो और लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई. इसके साथ ही राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है. तीनों मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

एजेंसी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तीनों संक्रमित गंजाम जिले के रहने वाले हैं. इनमें दो नए मरीजों को घर पर ही आइसोलेट किया गया है. डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और फिलहाल किसी में भी गंभीर लक्षण नहीं हैं.

पब्लिक हेल्थ डायरेक्टर रवींद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि पहले सामने आई महिला मरीज का इलाज एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ब्रह्मपुर में चल रहा है. उन्होंने कहा कि महिला की हालत स्थिर है, लेकिन उसे पहले से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधी बीमारियां हैं. इन्हीं समस्याओं को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती रखा गया है.

यह भी पढ़ें: आंध्र और महाराष्ट्र के बाद बिहार तक कोरोना के केस, भागलपुर में बाप-बेटी पॉजिटिव निकले, बढ़ा अलर्ट

डिपार्टमेंट ने लोगों से अपील की है कि कोविड-19 के नए मामलों को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. रवींद्रनाथ मिश्रा ने कहा कि मौजूदा समय में यह इन्फेक्शन काफी हद तक इन्फ्लुएंजा जैसी सामान्य बीमारी की तरह बिहैव कर रहा है. वायरस पहले की तुलना में कमजोर हो चुका है. उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, जरूरत पड़ने पर जांच कराने और हेल्थ से जुड़ी सलाह का ध्यान रखने को कहा है.

Advertisement

इस बीच, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव संतोष मिश्रा ने ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने अस्पताल में भर्ती महिला मरीज के सेहत की जानकारी ली और इलाज की समीक्षा की. अधिकारियों को मरीज की देखभाल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए.

हाल के दिनों में देश के कुछ राज्यों में कोविड-19 के छिटपुट मामले सामने आए हैं. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है. विशेषज्ञों का कहना है कि घबराने की बजाय सतर्क रहना जरूरी है. अगर किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लें और जरूरत पड़ने पर कोविड जांच कराएं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement