ट्विशा शर्मा की मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को लेकर पुलिस ने 7 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है. कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान ट्विशा का भाई हर्षित भी पहुंचा. हर्षित और समर्थ के बीच पुलिस ने सुरक्षित दूरी बना के रखी थी.
आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने कहा, पुलिस ने सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन हमने माननीय जज से अपील की थी कि अब पुलिस के पास बहुत कुछ बचा नहीं है, इसलिए उसको एक दिन की पुलिस कस्टडी देनी चाहिए, लेकिन कोर्ट ने सात दिन की पुलिस कस्टडी दी है. हम इसका स्वागत करते हैं और जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे.
वहीं, ट्विशा के भाई हर्षित राणा ने कहा, हम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं कि सात दिन की पुलिस रिमांड मिली. अब हम चाहते हैं कि इस विंडो में सीबीआई आए और इन्वेस्टीगेशन को टेक ओवर करे. हर्षित राणा ने कहा, आज जब कोर्ट रूम में समर्थ आया तो उसके चेहरे पर पत्नी के जाने का कोई दुख नहीं दिखा. वो हंस रहा था.
घटना से पहले ब्यूटी पार्लर गई थी ट्विशा
ट्विशा शर्मा की मौत की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और इस बीच मामले से जुड़ी नई जानकारियां सामने आ रही हैं. मौत से कुछ घंटे पहले ट्विशा जिस ब्यूटी पार्लर में गई थीं, वहां पहुंचकर आजतक ने पार्लर संचालिका किरण से बातचीत की. किरण ने बताया कि उस दिन ट्विशा ने कहा था कि वह थोड़ा रिलैक्स महसूस करना चाहती हैं. उनके अनुसार ट्विशा का व्यवहार सामान्य और बेहद सौम्य था, इसलिए उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कोई बड़ा कदम उठा सकती हैं.
तीन घंटे पार्लर में रही ट्विशा
किरण ने बताया कि ट्विशा दोपहर करीब तीन बजे पार्लर पहुंची थीं और शाम लगभग छह बजे वहां से गईं. वह अक्सर महीने में एक बार पार्लर आती थीं, क्योंकि पार्लर उनके घर के नजदीक ही था. उस दिन उन्होंने हेड ऑयल मसाज, पेडिक्योर और स्किन ट्रीटमेंट जैसी सेवाएं ली थीं. पार्लर स्टाफ से उन्होंने फिल्मों को लेकर भी सामान्य बातचीत की थी. किरण का कहना है कि ट्विशा को देखकर कहीं से भी नहीं लग रहा था कि वह मानसिक तनाव में हैं या आत्महत्या जैसा कदम उठा सकती हैं.
पार्लर संचालिका ने यह भी बताया कि ट्विशा की मौत की जानकारी उन्हें उनकी सास गिरिबाला सिंह से मिली. 13 मई को गिरिबाला सिंह ने फोन कर पूछा था कि ट्विशा पार्लर कब आई थीं और उन्होंने वहां कौन-कौन सी सेवाएं ली थीं. इसके अगले दिन कुछ लोग पार्लर पहुंचे, जो देखने में वकील लग रहे थे. उन्होंने सफेद शर्ट और काला कोट पहन रखा था. उन लोगों ने पार्लर में पूछताछ की और वहां लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे.