भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में पूर्व जज गिरिबाला सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले में उन्हें दी गई अग्रिम जमानत को निरस्त कर दिया है, जिसके बाद सीबीआई की गतिविधियां तेज हो गई हैं.जानकारी के मुताबिक, कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई की टीम अचानक गिरिबाला सिंह के घर पहुंची. खबर लिखे जाने तक लगभग ढाई घंटे से गिरीबाला के साथ उनके घर पर पूछताछ हो रही है.गिरीबाला के घर के बाहर पुलिस का घेरा भी बढ़ा दिया गया है. ऐसे में माना जा रहा है कि किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी हो सकती है.
क्राइम सीन मैनेजमेंट में गिरिबाला ने ली है ट्रेनिंग
इस सब के बीच एक बड़ी जानकारी आजतक के हाथ लगी. दरअसल बीती रात एक बजे जब हाईकोर्ट ने गिरिबाला के अग्रिम जमानत रद्द की थी तो इसको लेकर ट्विशा के पिता की ओर से उपस्थित वकील की दलीलों में एक बड़ी जानकारी सामने आई. गिरिबाला की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग के साथ कोर्ट को जानकारी दी गई कि गिरिबाला क्राइम सीन मैनेजमेंट में ट्रेनिंग ले चुकी हैं.
अपनी स्किल से मैनेज किया क्राइम सीन
वकील ने हाईकोर्ट को बताया कि गिरिबाला सिंह एक सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी हैं तथा उन्होंने साइबर अपराध, साइबर फॉरेंसिक एवं डिजिटल सिग्नेचर टेक्नोलॉजी और क्राइम सीन मैनेजमेंट के विशेष कोर्स की ट्रेनिंग ली हुई है. उन्होंने दावा किया गिरिबाला ने अपनी इसी ट्रेनिंग का उपयोग करके क्राइम सीन के साथ छेड़छाड़ की है. ऐसी परिस्थितियों में, ट्रायल कोर्ट को यह चाहिए था कि वह साक्ष्यों का समुचित मूल्यांकन करे. अतः गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत प्रदान करने वाला आदेश निरस्त किए जाने योग्य हैं.
जल्द हो सकती है गिरिबाला की गिरफ्तारी
हालिया अप्डेट की बात करें तो सीबीआई की टीम आज यानी गुरुवार सुबह से गिरीबाला के घर का डिजिटल मैप तैयार कर रही है और साथ ही उनसे पूछताछ भी की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई के तीन अधिकारी सुबह लगभग 10:30 बजे उनके निवास पर पहुंच गए थे. इसी दौरान गिरिबाला सिंह के वकील इनोश जार्ज कार्लो भी वहां पहुंचे हुए हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी हो सकती है.