scorecardresearch
 

पहली ही बारिश में घुटने तक गंदा पानी... बमुश्किल निकली बारात, घोड़े पर बैठा दूल्हा भी सहमा, नगर निगम के दावों की खुली पोल

मध्य प्रदेश के मिनी मुंबई और देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर से मानसून की पहली बारिश के बाद एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नगर निगम के तमाम दावों की पोल खोलती इस 'जलमग्न बारात' ने प्रशासनिक तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
X
इंदौर में नगर निगम के दावों की खुली पोल.(Photo:ITG)
इंदौर में नगर निगम के दावों की खुली पोल.(Photo:ITG)

देश के सबसे स्वच्छ शहर और मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मानसून की पहली बारिश ने ही नगर निगम के उन तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी है, जिसमें कहा गया था कि इस बार शहर को जलभराव से मुक्ति मिल जाएगी. पहली ही तेज बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने शहर के ड्रेनेज सिस्टम और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को पूरी तरह कटघरे में खड़ा कर दिया है.

यह वायरल वीडियो इंदौर शहर के व्यस्ततम रोबोट चौराहे के पास स्थित न्याय नगर इलाके का बताया जा रहा है. यहां वार्ड क्रमांक 37 और 40 के बीच अग्रवाल शोरूम के पास से एक बारात को गुजरना था. लेकिन बारिश के कारण ड्रेनेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर जमा हो चुका था और करीब एक से डेढ़ फीट तक जलभराव की स्थिति बन गई थी.

मजबूरी में दूल्हे और बारातियों को इसी ड्रेनेज के बदबूदार पानी के बीच से होकर आगे बढ़ना पड़ा. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दूल्हा घोड़े पर बैठा हुआ है और वह आसपास के नजारे को देखकर बेहद हैरान और असहज नजर आ रहा है. वहीं, बाराती और बैंड-बाजे वाले घुटने तक भरे गंदे पानी में पैदल चलकर आगे बढ़ने को मजबूर हैं. देखें VIDEO:- 

Advertisement

निगम के वादों की पहली ही बारिश में निकली हवा
इस घटना के सामने आने के बाद इंदौर नगर निगम के दावों पर लोग तीखे सवाल उठा रहे हैं. गौरतलब है कि मानसून की शुरुआत से पहले निगम प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों ने बड़े-बड़े दावे किए थे कि शहर में बड़े पैमाने पर ड्रेनेज लाइन सफ़ाई और सुधार का काम पूरा कर लिया गया है, जिससे इस बार जलभराव की नौबत नहीं आएगी. हालांकि, मानसून की पहली ही दस्तक ने इन दावों की असलियत जनता के सामने ला दी.

यह वीडियो इंटरनेट पर लगातार ट्रेंड कर रहा है. यूज़र्स इस वीडियो को शेयर कर तंज कस रहे हैं कि स्वच्छता में नंबर वन रहने वाले शहर का बुनियादी ढांचा पहली ही बारिश झेलने में नाकाम रहा.

स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर रोबोट चौराहे जैसे प्रमुख इलाके के पास यह हाल है, तो अंदरूनी बस्तियों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है. फिलहाल, इस वीडियो के वायरल होने के बाद नगर निगम के अधिकारियों में हड़कंप है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement