दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों के प्रदर्शन के बीच टॉलस्टॉय चौराहे के पास एक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ धक्का-मुक्की और पिज्जा लूटने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग डिलीवरी बॉय की बाइक रोककर उसके पीछे रखी बास्केट से पिज्जा निकालते दिखाई दे रहे हैं.
वायरल वीडियो के अनुसार, युवक अपनी बाइक से पिज्जा की डिलीवरी देने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया. इसके बाद भीड़ ने बाइक के पीछे रखी डिलीवरी बास्केट से पिज्जा निकालना शुरू कर दिया. जिसके हाथ जितना पिज्जा आया, वह लेकर वहां से चला गया. इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में डिलीवरी बॉय के हाथ में चोट भी लग गई.
डिलीवरी बॉय की बाइक रोककर लूटा गया पिज्जा
वीडियो में आगे कुछ लोग डिलीवरी बॉय को भीड़ से बचाते हुए भी दिखाई देते हैं. इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर वहां से चला जाता है. घटना के बाद लोगों में नाराजगी का माहौल है. यह इलाका नई दिल्ली का पॉश और सबसे सुरक्षित क्षेत्रों में माना जाता है.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना का वीडियो उनके पास पहुंचा है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. पुलिस का कहना है कि वीडियो शुक्रवार का बताया जा रहा है. साथ ही नई दिल्ली इलाके में ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवा अभी भी जारी है.
धारा 163 के बावजूद जारी है ऑनलाइन फूड डिलीवरी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नई दिल्ली क्षेत्र में धारा 163 लागू होने के कारण फूड सर्विस को केवल रेगुलेट किया गया है, उस पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है. इसी दौरान जंतर-मंतर के निकट टॉलस्टॉय मार्ग पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा पुलिस पर हमला किए जाने की घटना भी सामने आई थी. फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जानकारी जुटा रही है.