scorecardresearch
 

1.5Km तक घसीटता रहा ट्रक, चीखते रहे कार सवार... Nexon में फंसे लोगों का खौफनाक Video

ग्वालियर के डबरा-ग्वालियर हाईवे पर टेकनपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने नेक्सन कार को टक्कर मारकर करीब 1.5 किलोमीटर तक घसीटा. कार में सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए. राहगीरों ने पीछा कर ट्रक को बिलौआ के पास पकड़ लिया. घटना का वीडियो भी सामने आया है. वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement
X
मौत को मात देकर बचे तीन लोग!(Photo: Screengrab)
मौत को मात देकर बचे तीन लोग!(Photo: Screengrab)

ग्वालियर के डबरा-ग्वालियर हाईवे पर शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. टेकनपुर सीमा के बाहर बझेरा गांव की पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने नेक्सॉन कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे घसीटना शुरू कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ने कार को करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा. हैरानी की बात यह रही कि कार में सवार तीन लोग चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है.

यह भी पढ़ें: ग्वालियर-भिंड-इटावा NH-719 बनेगा फोर लेन: NHAI की DPR अंतिम चरण में; 117 किमी का सफर होगा आसान

टक्कर के बाद भी नहीं रुका ट्रक चालक

जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक RJ 11 GC-2456 डबरा से ग्वालियर की ओर जा रहा था. इसी दौरान उसने नेक्सॉन कार क्रमांक MP 07 ZG-9779 को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने की बजाय उसे घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक कार को डिफेंस पार्क के सामने तक घसीटता ले गया. कार सवार लगातार खिड़की से हाथ मारकर ट्रक को रोकने का संकेत देते रहे और “रुको-रुको” चिल्लाते रहे. राहगीर भी इशारे कर चालक को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नहीं रुका.

Advertisement

पीछा कर पकड़ा गया ट्रक

वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रक चालक वाहन को लहराते हुए कार को घसीटता रहा और बाद में उसे एक खंती की ओर छोड़कर भागने की कोशिश की. हालांकि लोगों ने पीछा कर ट्रक को बिलौआ हाईवे के पास पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई भी कर दी.

देखें वीडियो...

बताया जा रहा है कि कार में एसएएफ के अधिकारी सवार थे, जो बटालियन में पदस्थ हैं और ओरछा से लौट रहे थे. गनीमत रही कि तीनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई. प्रत्यक्षदर्शी सेबू गुर्जर ने बताया कि हादसा देखते ही उन्होंने अपनी बुलेट बाइक से ट्रक का पीछा किया और लगातार रोकने की कोशिश की. बाद में लोगों की मदद से कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

पुलिस का बयान

इस मामले में आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा ने बताया कि अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आया है. शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा. फिलहाल ट्रक को बिलौआ क्षेत्र में रोक लिया गया है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement