Cooler Cleaning Tips: गर्मी और उमस के मौसम में किराए के छोटे-छोटे कमरों में रहने वाले लोगों के लिए कूलर किसी राहत से कम नहीं होता. खासकर छात्र, नौकरीपेशा लोग और दूसरे शहरों में रहने वाले लोग पूरे दिन की थकान के बाद ठंडी हवा के लिए कूलर पर ही निर्भर रहते हैं. लेकिन जब वही कूलर ठंडी हवा की बजाय सड़न और बदबू फैलाने लगे, तो पूरे कमरे का माहौल खराब हो जाता है. बंद कमरे में यह बदबू और भी तेजी से फैलती है, जिससे न सिर्फ रहना मुश्किल हो जाता है बल्कि सिरदर्द, घुटन भी महसूस हो सकती है.
भारत में कई लोग बिजी लाइफस्टाइल और सीमित सुविधाओं की वजह से कूलर की नियमित सफाई नहीं कर पाते. कूलर के टैंक में कई दिनों तक एक ही पानी भरा रहने, कूलिंग पैड में धूल-मिट्टी और काई जमने या फफूंदी और बैक्टीरिया पनपने से उसमें से तेज बदबू आने लगती है. इतना ही नहीं, गंदा कूलर हवा की क्वालिटी पर भी असर करता है.
अगर आप भी किराए के कमरे में रहते हैं और कूलर की बदबू से परेशान हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और कम खर्च वाले घरेलू उपाय अपनाकर आप मिनटों में कूलर की सड़न और बदबू को दूर कर सकते हैं और अपने कमरे को फिर से ताजगी भरा बना सकते हैं.
कूलर का पानी नियमित बदलें
कूलर में कई दिनों तक एक ही पानी रहने से उसमें बैक्टीरिया और फफूंदी पनपने लगती है, जिससे सड़न की बदबू आती है. इसलिए जितना हो सके कोशिश करें कि हर दो से तीन दिन में कूलर का पानी बदल दें. इससे पानी ताजा रहेगा और बदबू की समस्या नहीं होगी.
टैंक और पैड की अच्छी तरह सफाई करें
कूलर के टैंक और घास यानी कूलिंग पैड में धूल, मिट्टी और काई जमा जाती है. हफ्ते में कम से कम एक बार टैंक को ब्रश और हल्के डिटर्जेंट से साफ करें. अगर पैड बहुत पुराने या खराब हो गए हैं, तो उन्हें बदल देना बेहतर रहेगा.
सफेद सिरका या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें
अगर कूलर से तेज बदबू आ रही है, तो टैंक की सफाई के दौरान एक कप सफेद सिरका या दो से तीन चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, इससे बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया और जमा गंदगी साफ हो जाती है.
कमरे में हवा का सही इंतजाम रखें
कूलर हमेशा ऐसी जगह चलाएं जहां ताजी हवा का आना-जाना हो. अगर कमरा पूरी तरह बंद रहेगा, तो नमी बढ़ेगी और बदबू ज्यादा महसूस होगी. इसलिए खिड़की या दरवाजे का थोड़ा हिस्सा खुला रखें ताकि हवा का फ्लो बना रहे.
कूलर को सूखा और साफ रखें
अगर कूलर का इस्तेमाल कुछ दिनों तक नहीं करना है, तो उसका पानी पूरी तरह निकाल दें और टैंक को सूखा लें. इससे फफूंदी और सड़न नहीं होगी. साथ ही कूलर के बाहरी हिस्से और पंखे पर जमी धूल को भी समय-समय पर साफ करते रहें.