scorecardresearch
 

Wooden Furniture Care Tips: बारिश में खराब हो रहा है महंगा फर्नीचर? सीलन, फफूंदी और नमी से बचाएंगी ये 8 आसान आदतें

Wooden Furniture Care Tips: बारिश के मौसम में बढ़ी हुई नमी लकड़ी के फर्नीचर को फूला सकती है, उस पर फफूंदी लगा सकती है और उसकी चमक खराब कर सकती है. आज हम आपको मॉनसून में लकड़ी के फर्नीचर को नमी, सीलन और नुकसान से बचाने के 8 आसान और असरदार उपाय बताने वाले हैं.

Advertisement
X
बारिश में लकड़ी के फर्नीचर पर फफूंदी आने का खतरा रहता है. (Photo: ITG)
बारिश में लकड़ी के फर्नीचर पर फफूंदी आने का खतरा रहता है. (Photo: ITG)

Wooden Furniture Care Tips: बारिश का मौसम जितना सुकून देता है, उतना ही घर के लकड़ी के फर्नीचर के लिए परेशानी भी लेकर आता है. मॉनसून में लकड़ी के फर्नीचर को नमी से रखना, दीमक से बचाना और उनकी चमक बरकरार रखना बहुत मुश्किल हो जाता है. कई बार अलमारी के दरवाजे बंद नहीं होते, दराज अटकने लगती है, टेबल की चमक फीकी पड़ जाती है या फिर लकड़ी पर फफूंदी के निशान दिखने लगते हैं.

ऐसे में ये सोच सोचकर लोगों के सिर में दर्द हो जाता है कि आखिर वो ऐसा क्या करें कि उनका महंग लकड़ी का फर्नीचर बरसात के मौसम में खराब ना हो और आखिर ऐसा होने की वजह क्या है. तो बता दें, बरसात के मौसम में लकड़ी के फर्नीचर के खराब होने की सबसे बड़ी वजह हवा में बढ़ी हुई नमी होती है. अच्छी बात ये है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर आप अपने महंगे लकड़ी के फर्नीचर को मॉनसून में भी सुरक्षित और नया जैसा बनाए रख सकते हैं. चलिए जानते हैं क्या हैं वो आदतें.

बारिश में लकड़ी का फर्नीचर क्यों खराब होने लगता है?
लकड़ी एक ऐसा मटेरियल है जो आसपास की हवा से नमी सोख लेता है. जब बारिश के दिनों में हवा में नमी बढ़ जाती है, तो लकड़ी हल्की-सी फूलने लगती है. इसी वजह से दरवाजे और दराज अटकने लगते हैं, लकड़ी टेढ़ी हो सकती है और उस पर फफूंदी भी जम सकती है.

1. बारिश शुरू होने से पहले करवाएं पॉलिश या सीलिंग: अगर आप चाहते हैं कि लकड़ी पर नमी का असर कम पड़े, तो बरसात से पहले उस पर अच्छी क्वालिटी की पॉलिश या सीलेंट लगवा दें. इससे लकड़ी पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बन जाती है, जो पानी और नमी को अंदर जाने से काफी हद तक रोकती है.

2. घर के अंदर नमी कम रखने की कोशिश करें: लकड़ी के फर्नीचर को सुरक्षित रखने के लिए सिर्फ पॉलिश काफी नहीं होती है. घर के अंदर की नमी भी कंट्रोल करना उतना ही जरूरी है. नमी कंट्रोल करने के लिए AC का ड्राय मोड इस्तेमाल करें. अगर हो सके तो डीह्यूमीडिफायर लगाएं. सीलिंग फैन चलाते रहें ताकि हवा का फ्लो बना रहे.  

3. लकड़ी के फर्नीचर को दीवार से सटाकर न रखें: बारिश के दौरान दीवारों में अक्सर सीलन आ जाती है. अगर अलमारी, सोफा या बुकशेल्फ दीवार से पूरी तरह सटा होगा, तो उसकी नमी धीरे-धीरे लकड़ी तक पहुंच सकती है. इसलिए फर्नीचर को कभी भी दीवारों से सटाकर नहीं रखना चाहिए. दीवार और फर्नीचर के बीच कम से कम 2-3 इंच का गैप जरूर छोड़ें ताकि हवा आती-जाती रहे.

Advertisement

4. अलमारी और दराज में रखें सिलिका जेल पैक: बंद अलमारी, कैबिनेट और दराज में नमी ज्यादा जमा होती है. इससे बचने के लिए इनके अंदर सिलिका जेल पैक्स रख सकते हैं. इन सिलिका जेल पैक्स को महीने में एक बार 2-3 घंटे धूप में सुखा दें और जरूरत पड़ने पर नए पैक से बदल दें.

5. फर्नीचर के पैरों को भी रखें सुरक्षित: अगर घर का फर्श अक्सर गीला रहता है या आप ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, तो लकड़ी के फर्नीचर के पैरों में रबर या फेल्ट कैप्स लगा दें. इससे फर्श की नमी सीधे लकड़ी तक नहीं पहुंचेगी.

6. रोजाना सूखे कपड़े से करें सफाई: सुबह एक सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से फर्नीचर पोंछने की आदत डालें. इससे रातभर जमी नमी हट जाएगी. अगर ज्यादा सफाई करनी हो, तो हल्के साबुन वाले गीले कपड़े से साफ करें और तुरंत सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ दें.

7. साफ मौसम में घर में हवा आने दें: जब बारिश रुकी हो और मौसम साफ हो, तब कुछ देर के लिए घर की खिड़कियां खोल दें. इससे कमरे की बंद और नम हवा बाहर निकल जाएगी. इसके साथ ही, घर में भारी-भारी पर्दों की जगह हल्के कॉटन के पर्दे इस्तेमाल करें, जिससे कमरा जल्दी सूख सके.

8. फफूंदी दिखते ही तुरंत करें ये काम: अगर लकड़ी पर फफूंदी दिखाई दे, तो देर न करें. 1 भाग सफेद सिरका और 3 भाग पानी मिलाकर कपड़े से साफ कर लें. इसके बाद फर्नीचर को पूरी तरह सूखने दें. अगर इसके बाद भी फफूंदी साफ नहीं होती है, तो हल्का नीम का तेल भी इस्तेमाल करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement