scorecardresearch
 

Navratri First Day 2026: बाजार की नमकीन छोड़ें, व्रत के लिए बनाएं टेस्टी साबूदाना-मूंगफली का मिक्चर, महीने भर रहेगा फ्रेश

Navratri First Day 2026: रविवार से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है. ऐसे में हर किसी ने अपने घर में व्रत और फलाहार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. अगर आप भी नवरात्रि पर नौ दिन व्रत रखने की सोच रही हैं तो आपको बाजार से नमकीन खरीदने की जगह घर पर ही साबूदाना-मूंगफली मिक्स्चर की व्रत वाली नमकीन बनाकर स्टोर कर लेनी चाहिए.

Advertisement
X
व्रत की नमकीन (Photo: ITG)
व्रत की नमकीन (Photo: ITG)

Navratri First Day 2026: नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होते ही व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि शाम की चाय के साथ क्या फलाहारी और कुरकुरा खाया जाए. बाजार में मिलने वाली पैकेट बंद फलाहारी नमकीन अक्सर महंगी होती है और उसमें शुद्धता का भरोसा भी नहीं रहता.

ऐसे में इस नवरात्रि के पहले दिन घर पर ही साबूदाना और मूंगफली का टेस्टी मिक्चर बनाएं. बड़े साबूदाने (नॉयलन साबूदाना), भुनी मूंगफली, मखाने, सेंधा नमक, काली मिर्च और कढ़ी पत्ते के साथ तैयार यह नमकीन स्वाद में तो बेहतरीन होता ही है, साथ ही व्रत के दौरान आपको दिनभर एनर्जेटिक भी रखता है. इसे एक बार बनाकर महीने भर के लिए एयरटाइट डिब्बे में स्टोर किया जा सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि!

सामग्री:

1 कप बड़ा साबूदाना 

1/2 कप कच्ची मूंगफली 

1 कप मखाने

8-10 कढ़ी पत्ते

2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)

1 छोटा चम्मच सेंधा नमक (व्रत वाला नमक)

1/2 छोटा चम्मच कुटी हुई काली मिर्च

1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर

1/2 छोटा चम्मच पिसी चीनी (खट्टा-मीठा फ्लेवर देने के लिए, ऑप्शनल)

फ्राई करने के लिए मूंगफली का तेल या देसी घी

Advertisement

बनाने का तरीका

साबूदाना फ्राई करें (सीक्रेट हैक): कड़ाही में तेल/घी को बहुत अच्छे से गर्म करें. अब थोड़े-थोड़े साबूदाने छलनी में रखकर तेल में डुबोएं. साबूदाना तुरंत फूलकर एकदम सफेद और डबल साइज का हो जाएगा. इसे निकालकर टिशू पेपर पर रखें. (तेल ज्यादा गर्म होना जरूरी है ताकि साबूदाना अंदर से कच्चा न रहे).

मूंगफली और मखाने तलें: उसी गर्म तेल में धीमी-मध्यम आंच पर मूंगफली को कुरकुरा होने तक तलें. इसके बाद मखाने को भी हल्का फ्राई करके निकाल लें.

तड़का लगाएं: 1 चम्मच तेल में कढ़ी पत्ता और बारीक कटी हरी मिर्च को क्रिस्पी होने तक भूनें.

मसाले मिलाएं: एक बड़े बाउल में फ्राई किया साबूदाना, मूंगफली, मखाने और कढ़ी पत्ते का तड़का डालें. ऊपर से सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर और पिसी चीनी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.

स्टोर करें: पूरी तरह ठंडा होने के बाद इसे एयरटाइट जार में भरकर रख लें. पूरा महीना यह मिक्सचर एकदम क्रिस्पी और फ्रेश रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement