यूपी के रायबरेली में कार सवार मां-बेटी पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ईंट-पत्थर से हमलों के बीच कार में बैठी बच्ची की चीख-पुकार सुनी जा सकती है. वह 'मम्मा, प्लीज मुझे बचा लो...' चिल्लाती नजर आ रही है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है.
दरअसल, ऊंचाहर के जगतपुर स्थित उड़वा गांव की निवासी रिद्धिमा सिंह अपनी 12 वर्षीय बेटी को कार से स्कूल छोड़ने जा रही थीं. आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही रितेश मिश्रा, आयुष मिश्रा (सत्यम) और शिवम कुमार मिश्रा ने रास्ते में कार रोककर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
इस हमले में कार के शीशे टूट गए और मां-बेटी घायल हो गईं. बच्ची डर के मारे मां से बचाने की गुहार लगाती रही, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे. जिसके बाद में पुलिस ने आरोपियों पर एक्शन लिया.
सीओ डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्रधान के बेटों समेत नामजद और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले और धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना की सूचना मिलते ही जगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और दूसरे पक्ष द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शेष संलिप्त अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.