ओडिशा के मयूरभंज जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. दरअसल, उदाला अस्पताल में खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई. इस हादसे में एक मरीज की मौत हो गई. वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्टाफ पर जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस एक मरीज को लेने के लिए उदाला अस्पताल पहुंची थी. मरीज की पहचान सुजोष बारिक के रूप में हुई है. वह उदाला थाना क्षेत्र के कुंडाबाई इलाके का रहने वाला था. उसे आगे के इलाज के लिए भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में ले जाने की तैयारी थी.
मरीज को एंबुलेंस के अंदर लिटा दिया गया था. उसे ऑक्सीजन भी दी जा रही थी. इसी दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर के पास अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद सिलेंडर में धमाका हुआ. इससे आग और भड़क गई.
जलती एंबुलेंस से मरीज को निकाला गया बाहर
आग लगते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने जलती हुई एंबुलेंस से मरीज को बाहर निकालने की कोशिश की. स्थानीय लोगों की मदद से मरीज को बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, वह आग में झुलस गया था. बाद में उसकी मौत हो गई.
हादसे के दौरान एंबुलेंस में आग तेजी से फैल गई. कुछ देर बाद एक और जोरदार धमाका होने की खबर है. बताया जा रहा है कि धमाके से एंबुलेंस की छत उड़ गई. इसका मलबा आसपास मौजूद अन्य मरीजों पर जा गिरा. इस वजह से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह भी पढ़ें: मरीज को लेने पहुंची एंबुलेंस कीचड़ में फंसी, फिर ट्रैक्टर ने खींचकर निकाला... ओडिशा के गांव की सड़क का हाल देखिए
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई. फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हुई है. ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाका कैसे हुआ, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है. संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह सामने आ सकेगी.