scorecardresearch
 

Lobia Tikki Recipe: आलू छोड़िए, शाम के नाश्ते में प्रोटीन से भरपूर लोबिया से बनाएं क्रिस्पी टिक्की, शेफ हरपाल ने बताई रेसिपी

शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का मन है, तो आलू की बजाय लोबिया टिक्की की आसान रेसिपी ट्राई करें. इस रेसिपी में उबले लोबिया, अदरक, हरी मिर्च और ब्रेड से स्वादिष्ट टिक्की तैयार करें, जिसे हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं. आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं.

Advertisement
X
लोबिया टिक्की चाय के साथ अच्छी लगती है. (PHOTO:AI)
लोबिया टिक्की चाय के साथ अच्छी लगती है. (PHOTO:AI)

Lobia Tikki Recipe: शाम के नाश्ते में चाय के साथ कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का मन हो, तो हर बार बाजार से समोसे या पकौड़े लाने की जरूरत नहीं है. आलू की टिक्की तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी लोबिया से बनी टिक्की खाई है, जो खाने में तो बहुत मजेदार लगती ही है, मगर इसको बनाना भी उतना ही आसान है. 

लोबिया की यह रेसिपी मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी ने अपने पॉपुलर शो 'टर्बन तड़का' में बताई थी. इसमें उबले हुए लोबिया को अदरक, हरी मिर्च और शाही जीरे के साथ पकाकर टिक्की तैयार की जाती है. अगली बार जब भी आप घर पर टिक्की बनाएं तो आलू की जगह प्रोटीन से भरपूर लोबिया की टिक्की ट्राई करें. आइए लोबिया की टिक्की बनाने की आसान रेसिपी जानते हैं. 

लोबिया टिक्की बनाने के लिए सामग्री

  •  1 कप लोबिया
  •  4 से 5 सफेद ब्रेड स्लाइस
  •  1 बड़ा चम्मच घी
  •  आधा छोटा चम्मच शाही जीरा
  •  1 इंच अदरक, बारीक कटा हुआ
  •  2 से 3 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
  •  जरूरत के अनुसार पानी
  • टिक्की सेंकने के लिए तेल

लोबिया टिक्की बनाने का आसान तरीका

1. लोबिया को भिगोकर उबाल लें

सबसे पहले लोबिया को रातभर पानी में भिगोकर रख दें. अगले दिन इसे पानी में अच्छी तरह उबाल लें. ध्यान रखें कि लोबिया नरम हो जाए, लेकिन उसके दाने पूरी तरह गलकर टूटने न लगें.

Advertisement

2. अदरक, मिर्च और शाही जीरे का तड़का लगाएं

एक पैन में एक बड़ा चम्मच घी गर्म करें. इसमें बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च और शाही जीरा डालकर करीब एक मिनट तक भूनें. जब मसालों से खुशबू आने लगे, तो समझ जाएं कि तड़का तैयार है.

3. लोबिया को मसालों के साथ पकाएं

अब पैन में उबला हुआ लोबिया डालें और अच्छी तरह मिलाएं. इसे कुछ मिनट तक पकाएं, ताकि लोबिया में मौजूद अतिरिक्त नमी सूख जाए. इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें.

4. ब्रेड से तैयार करें टिक्की का मिश्रण

ब्रेड के किनारे काटकर अलग कर दें. अब ब्रेड को हल्के से पानी में डुबोएं और तुरंत निकालकर उसका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ लें. इस ब्रेड को लोबिया वाले मिश्रण में डाल दें.

5. टिक्की को शेप दें

लोबिया और ब्रेड को अच्छी तरह मैश करके मिला लें. इससे नरम और आसानी से आकार देने वाला मिश्रण तैयार हो जाएगा. अब इसकी गोल टिक्की बना लें.

6. गोल्डन और क्रिस्पी होने तक सेंकें

एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें टिक्कियां रखकर मिडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से गोल्डन-ब्राउन और कुरकुरा होने तक सेंकें. तैयार लोबिया टिक्की को हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें.

Advertisement

टिक्की बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

लोबिया उबालने के बाद उसका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकाल दें. ब्रेड को पानी में ज्यादा देर तक न भिगोएं और उसका पानी पूरी तरह निचोड़ लें. इससे टिक्की का मिश्रण सही बनेगा और सेंकते समय टिक्की टूटेगी नहीं. टिक्की को मिडियम फ्लेम पर सेंकने से वह अंदर तक गर्म होगी और बाहर से अच्छी तरह क्रिस्पी बनेगी.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement