रोज-रोज वही घिसी-पिटी दाल, चावल और सब्जी खाकर अगर आपका मन ऊब चुका है, तो अब अपने दोपहर के खाने को एक मजेदार ट्विस्ट देने का समय आ गया है. आज हम आपके लिए लेकर आए हैं दक्षिण भारत की बेहद लोकप्रिय और स्वादिष्ट डिश उड़द दाल का मेदु वड़ा.
यह वड़ा न सिर्फ खाने में बेहद लाजवाब और क्रिस्पी होता है बल्कि इसे खाने के बाद आपका पेट भी लंबे समय तक भरा रहेगा. बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से रुई जैसे सॉफ्ट मेदु वड़े को आप गरमा-गरम सांभर और नारियल की चटनी के साथ परोस सकते हैं. आइए जानते हैं इसे घर पर आसानी से बनाने की पूरी रेसिपी.
रेसिपी (Recipe)
तैयारी का समय: 4-5 घंटे (दाल भिगोने के लिए)
पकाने का समय: 20 मिनट
कितने लोगों के लिए: 3-4
सामग्री:
धुली उड़द की दाल – 1 कप
हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
अदरक – 1 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
कढ़ी पत्ता – 8-10 (बारीक कटे हुए)
हरा धनिया – 2 चम्मच (बारीक कटा हुआ)
काली मिर्च पाउडर या साबुत काली मिर्च – आधा छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
नमक – स्वादानुसार
तेल – तलने के लिए
बनाने की विधि:
सबसे पहले उड़द की दाल को अच्छे से धोकर 4 से 5 घंटे के लिए पर्याप्त पानी में भिगोकर रख दें.
दाल जब अच्छी तरह फूल जाए, तो इसका पूरा पानी निकाल दें. अब मिक्सी में बिना पानी डाले (या जरूरत पड़ने पर सिर्फ 1-2 चम्मच ठंडा पानी डालकर) दाल को गाढ़ा और दरदरा पीस लें. ध्यान रहे, बैटर को गिला नहीं करना है.
पिसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकालें. अब इसे अपने हाथों की मदद से एक ही दिशा में 4-5 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें. इससे बैटर हल्का और फ्लफी हो जाएगा, जिससे वड़े अंदर से सॉफ्ट बनेंगे.
अब इस बैटर में कटी हुई हरी मिर्च, अदरक, कढ़ी पत्ता, हरा धनिया, काली मिर्च, हींग और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
अपनी हथेलियों पर थोड़ा सा पानी लगाएं. बैटर का एक छोटा हिस्सा हाथ में लेकर उसे गोल करें और अंगूठे की मदद से उसके बीच में एक छोटा सा छेद (होल) बना लें.
एक कढ़ाई में तेल अच्छी तरह गर्म करें. आंच को मध्यम करें और सावधानी से वड़े को तेल में डालें.
वड़ों को अलट-पलट कर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
अब आपके गरमा-गरम और कुरकुरे मेदु वड़े बनकर तैयार हैं. इन्हें किचन टिशू पर निकालें और सांभर व तीखी नारियल की चटनी के साथ मजे से खाएं.