scorecardresearch
 

Khatte Aloo Recipe: दोपहर के खाने का जायका बढ़ा देंगे तीखे-चटपटे खट्टे आलू, झटपट होंगे तैयार; नोट करें आसान रेसिपी

Khatte Aloo Recipe: सादी दाल-रोटी और चावल का स्वाद बढ़ाना चाहते हैं? तो इस बार घर के साधारण आलू को खट्टा-चटपटा ट्विस्ट दें. इमली के पल्प और भुने मसालों से तैयार होने वाले ये 'खट्टे आलू' बनाने में बेहद आसान हैं. इनका चटपटा स्वाद दोपहर के सादे खाने को भी खास बना देगा और रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ इन्हें बार-बार खाने का मन करेगा.

Advertisement
X
खट्टे आलू की सब्जी बनाने के लिए इमली का इस्तेमाल किया जाता है. गलती से भी मट्ठे का यूज ना करें. (Photo: ITG)
खट्टे आलू की सब्जी बनाने के लिए इमली का इस्तेमाल किया जाता है. गलती से भी मट्ठे का यूज ना करें. (Photo: ITG)

Khatte Aloo Recipe: दोपहर के खाने में अगर रोज-रोज वही सब्जी और दाल देखकर मन ऊब गया है, तो स्वाद बदलने के लिए हमेशा कोई मुश्किल या लंबी रेसिपी बनाने की जरूरत नहीं होती. कई बार घर में पड़े साधारण आलू ही खाने का पूरा स्वाद बदल देते हैं. आलू कुछ ऐसा है, जो किसी भी सब्जी के साथ बढ़िया से कंबाइन होकर जबदस्त लगता है. लेकिन अगर आलू को कुछ आसान से मसालों के साथ भी भूना जाए, तो भी वो बढ़िया ही लगता है. आलू की कई ऐसी रेसिपी हैं, जो खाने में स्वादिष्ट लगती हैं.  

खट्टे आलू ऐसी ही चटपटी और मजेदार डिश है, जिसमें इमली का खट्टापन और भुने मसालों का तीखा-चटपटा स्वाद आलू को बिल्कुल अलग जायका देता है. इसे बनाने के लिए लंबी-चौड़ी तैयारी करने की भी जरूरत नहीं होती है और ये दोपहर के सादे खाने को खास बनाने का भी दमखम रखती है. 'खट्टे आलू' को बनाना काफी आसान है और खास बात ये है कि गरमा-गरम खट्टे आलू के साथ सादे दाल-चावल या रोटी भी इतने स्वादिष्ट लगते हैं कि बार-बार खाने का मन करेगा.

इंग्रेडिएंट्स

  • आलू- 500 ग्राम
  • इमली- 3 बड़े चम्मच या स्वाद के हिसाब से
  • तेल या घी- 3 बड़े चम्मच
  • जीरा- 1 छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी- आधा छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर- डेढ़ छोटा चम्मच
  • हींग- एक चौथाई छोटा चम्मच
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
  • नमक- स्वादानुसार
  • ताजा हरा धनिया- 2 बड़े चम्मच
  • गरम पानी- आधा कप

बनाने का तरीका

1. आलू को नमक वाले पानी में उबाल लें. ठंडा होने के बाद इनके छिलके उतारें और आलू को मीडियम साइज के टुकड़ों में काटकर अलग रख दें.

2. इमली को थोड़े गरम पानी में भिगोकर अच्छी तरह मसलें और उसका गूदा निकाल लें. जल्दी हो तो इमली को पानी में थोड़ी देर उबालकर भी नरम कर सकते हैं. अब इसे छानकर पल्प अलग रख लें.

3. कड़ाही में तेल या घी गरम करें. इसमें जीरा डालें और चटकने दें. अब आंच धीमी करके लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, हींग और नमक डालें. मसालों को अच्छी तरह मिला दें.

Advertisement

4. अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और तब तक भूनें, जब तक इसकी कच्ची खुशबू खत्म न हो जाए. इस स्टेप से मसाले का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.

5. मसाले में तैयार किया हुआ इमली का पल्प डालें. इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक मसाला अच्छी तरह पक न जाए और तेल अलग दिखाई देने लगे.

6. अब इसमें उबले हुए आलू डालें और धीरे-धीरे चलाते हुए उन्हें मसाले में अच्छी तरह कोट करें. थोड़ा गरम पानी डालकर कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर कुछ मिनट पकने दें. इससे मसाला आलू के अंदर तक अच्छी तरह पहुंच जाएगा.

7.  आखिर में ऊपर से ढेर सारा बारीक कटा हुआ ताजा धनिया डालें. बस तैयार हैं खट्टे-चटपटे आलू. गरमागरम रोटी, पराठे या पूरी के साथ इसे परोस सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement