Desi Sweets Recipes: भारतीय त्योहारों और खुशियों के मौके पर मिठाई का खास महत्व होता है. दिवाली हो, होली हो या घर में कोई खास खुशी का मौका, मिठाई के बिना हर उत्सव अधूरा लगता है. त्योहारों पर लोग एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते हैं और घर आए मेहमानों को भी मिठाइयां खिलाते हैं. बाजार में कई तरह की मिठाइयां आसानी से मिल जाती हैं लेकिन घर पर बनी मिठाइयों का स्वाद ही अलग होता है.
मां और दादी के हाथों से बनी मिठाइयों की खुशबू और उनका स्वाद त्योहारों की खुशियों को दोगुना कर देता है. यही वजह है कि आज भी कई लोग खास मौकों पर घर पर ही मिठाइयां बनाना पसंद करते हैं. अगर आप भी त्योहारों पर घर पर कुछ मीठा बनाना चाहते हैं तो इन 5 पारंपरिक मिठाइयों को ट्राई कर सकते हैं.
कलाकंद
कलाकंद भारत की लोकप्रिय मिठाइयों में से एक है. माना जाता है कि इसकी शुरुआत राजस्थान के अलवर से हुई थी. इसे दूध और पनीर जैसी चीजों से बनाया जाता है. इसका स्वाद हल्का मीठा, मलाईदार और मुलायम होता है. अच्छी तरह तैयार किया गया कलाकंद मुंह में रखते ही घुल जाता है. त्योहारों पर मेहमानों को मिठाई खिलाने के लिए यह अच्छा विकल्प है.
केसर काजू कतली
काजू कतली ऐसी मिठाई है, जिसे कई लोग त्योहारों पर खाना पसंद करते हैं. इसे काजू से तैयार किया जाता है और आमतौर पर चांदी के वर्क से सजाया जाता है. केसर और इलायची मिलाने से इसका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है. इसका डायमंड जैसा आकार इसे खास बनाता है. दिवाली हो या कोई दूसरा त्योहार, काजू कतली मिठाई की प्लेट में आसानी से जगह बना लेती है.
बेसन की बर्फी
बेसन की बर्फी टेस्टी होने के साथ पारंपरिक मिठाई भी है. इसे बेसन, घी, चीनी और मेवों की मदद से बनाया जाता है. इसे तैयार करने के लिए बेसन को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनना जरूरी है, ताकि उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे और मिठाई का स्वाद बढ़ जाए. इसके बाद तैयार मिश्रण को जमाकर बर्फी के आकार में काटा जाता है. ऊपर से बादाम या पिस्ता डालकर इसे सजाया जा सकता है.
नारियल के लड्डू
त्योहारों पर लड्डू बनाने की परंपरा काफी पुरानी है. नारियल के लड्डू स्वाद में मीठे और खुशबूदार होते हैं. इन्हें नारियल, खोया, काजू और कंडेंस्ड मिल्क की मदद से तैयार किया जा सकता है. नारियल को हल्का भूनकर बाकी सामग्री के साथ मिलाया जाता है और फिर छोटे-छोटे लड्डू बनाए जाते हैं. घर पर आसानी से तैयार होने वाली यह मिठाई बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आ सकती है.
बालूशाही
बालूशाही उत्तर भारत की मशहूर पारंपरिक मिठाइयों में से एक है. इसकी बाहरी परत हल्की कुरकुरी होती है, जबकि अंदर से यह नरम और परतदार रहती है. इसे मैदा, घी और चीनी की चाशनी से बनाया जाता है. दक्षिण भारत में इससे मिलती-जुलती मिठाई को बदूशाह कहा जाता है. त्योहारों पर बालूशाही को मिठाई की थाली में शामिल कर सकते हैं.
त्योहारों पर घर में बनी मिठाइयां खुशियों को और खास बना देती हैं. कलाकंद, केसर काजू कतली, बेसन की बर्फी, नारियल के लड्डू और बालूशाही जैसे ऑप्शनों से आप घर पर मिठास घोल सकते हैं. इन्हें अपनी पसंद के मुताबिक बनाएं और परिवार के साथ त्योहार का आनंद लें.