Lauki and Kuttu Chilla Recipe: साबूदाने की खिचड़ी-वड़े छोड़, इस नवरात्रि ट्राई करें लौकी-कुट्टू का क्रिस्पी चीला, स्वाद है लाजवाब
Lauki and Kuttu Chilla Recipe: नवरात्रि व्रत में साबूदाने की खिचड़ी और वड़े खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार लौकी और कुट्टू के आटे से बना चीला ट्राई करें. आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिससे आप बेहद आसानी से टेस्टी फलाहार तैयार कर सकते हैं.
Lauki and Kuttu Chilla Recipe: नवरात्रि के नौ दिनों में कई लोग मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ व्रत भी रखते हैं. इस दौरान खानपान का खास ध्यान रखना पड़ता है. व्रत में अक्सर लोग साबूदाने की खिचड़ी, वड़ा या फल खाते हैं लेकिन रोज एक जैसी चीजें खाने से बोरियत होने लगती है. ऐसे में अगर आप फलाहार में कुछ नया और टेस्टी बनाना चाहते हैं तो लौकी और कुट्टू के आटे से बना चीला ट्राई कर सकते हैं.
यह घर पर आसानी से तैयार हो जाता है और इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती. अगर आप भी इस नवरात्रि रोजाना के फलाहर से हटकर कुछ अलग खाना चाहते हैं तो लौकी-कुट्टू का चीला ट्राई कर सकते हैं. आइए जानते हैं लौकी और कुट्टू का चीला बनाते कैसे हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
चीला बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह छीलकर साफ पानी से धो लें. अब इसे कद्दूकस करके एक बर्तन में रख लें. इसके बाद एक दूसरे बर्तन में कुट्टू का आटा लें और थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें.
अब इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर घोल तैयार करें. इसकी कंसिस्टेंसी ऐसी होनी चाहिए कि इसे आसानी से तवे पर फैलाया जा सके. इसके बाद इसमें स्वादानुसार सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर मिला लें.
अब तवे को गर्म करें और उस पर थोड़ा घी लगाएं. तैयार मिश्रण को तवे पर डालकर गोल आकार में फैला दें. चीले को धीमी या मध्यम आंच पर पकने दें. जब एक तरफ से चीला अच्छी तरह सिक जाए, तो उसे पलटकर दूसरी तरफ से भी सेंक लें.
जब चीला दोनों तरफ से सुनहरा और अच्छी तरह पक जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी मिश्रण से भी चीले तैयार कर लें.