बालों से जुड़ी ज्यादातर समस्याओं के लिए हम मेंहदी पर ही भरोसा करते हैं. सफेद बालों के लिए, रूखे बालों के लिए और यहां तक की दोमुंहें बालों की समस्या को दूर करने के लिए भी मेंहदी का इस्तेमाल किया जाता है. बालों की खूबसूरती बरकरार रखने और उन्हें स्वस्थ बनाए रखने के लिए भी मेंहदी सबसे भरोसेमंद मानी जाती है.
मेंहदी एक नेचुरल उत्पाद है जो बालों को पोषित करने का काम करता है साथ ही इसके नियमित इस्तेमाल से बाल घने-मुलायम और लंबे होते हैं. इसके पैक लगाने से बालों में एक कुदरती चमक आती है. यूं तो बाजार में कई तरह के हेयर कलर मौजूद हैं लेकिन ये एक नेचुरल हेयर कलर है. ये स्कैल्प का पीएच लेवल संतुलित बनाए रखने का काम करता है. यानी यह न बालों को तैलीय होने देती है और न उनको रूखा व बेजान. गर्मियों में मेंहदी का इस्तेमाल करना और भी अधिक फायदेमंद होता है क्योंकि इसके इस्तेमाल से सिर को ठंडक भी मिलती है.
आप मेंहदी का इस्तेमाल किस तरह से करना पसंद करते हैं, ये पूरी तरह आप पर निर्भर करता है. लेकिन अगर आप रूसी की समस्या से जूझ रहे हैं तो मेंहदी के इन उपायों को अपना सकते हैं:
1. अंडा, जैतून का तेल और मेंहदी पाउडर
अंडे के सफेद भाग, जैतून के तेल और मेंहदी पाउडर के इस्तेमाल से रूसी की समस्या बहुत जल्दी समाप्त हो जाती है. इन तीनों चीजों को आपस में अच्छी तरह मिला लें. इस पेस्ट को स्कैल्प पर अच्छी तरह से लगा लें. 30 मिनट तक इस पेस्ट को यूं ही लगा रहने दें और उसके बाद हल्के गुनगुने पानी से बालों को साफ का लें.
2. मेंहदी, दही और नींबू
अगर आपको रूसी दूर करने के साथ ही बालों में चमक भी चाहिए तो ये हेयर-पैक आपके लिए सबसे अच्छा होगा. नींबू के रस में मेंहदी पाउडर को अच्छी तरह से फेंटकर एक पेस्ट बना लें. इस पेस्ट में दही भी मिला लीजिए. कुछ देर के लिए इस पेसट को स्कैल्प पर लगाकर छोड़ दें, उसके बाद हल्के गुनगुने पानी से बालों को साफ कर लें.
3. सरसों के तेल के साथ मेंहदी पाउडर का इस्तेमाल
बालों में रूसी हो जाने पर सरसों के तेल का इस्तेमाल करना बहुत फायदेमंद होता है. जब इसे मेंहदी के साथ मिलाया जाता है तो यह एक बेहतरीन कंडिशनर बन जाता है. की जगह मेंहदी की पत्तियों का इस्तेमाल करें तो और भी बेहतर होगा. आप चाहें तो मेंहदी की पत्तियों को सरसों के तेल में पकाकर उस तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं.