दिवाली पर घर को सजाने के लिए आजकल फूलों और रंगों वाली रंगोली के बजाय स्टिकर वाली रंगोली का खूब इस्तेमाल किया जाता है. यह दिखने में बेहद खूबसूरत होती है और इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और न ही किसी खास कलाकारी की जरूरत होती है. बस रंगोली का स्टिकर खरीदिए और फर्श पर चिपका दीजिए. लेकिन असली परेशानी तब शुरू होती है, जब दिवाली खत्म होने के बाद इसे हटाने की बारी आती है. कई बार स्टिकर फर्श पर इतनी मजबूती से चिपक जाता है कि उसे निकालने में काफी मेहनत करनी पड़ती है. इतना ही नहीं, चिपचिपे निशान भी रह जाते हैं.
अगर आप भी इस दिवाली स्टिकर वाली रंगोली लगाने की सोच रहे हैं, तो एक छोटा सा जुगाड़ आपके बहुत काम आ सकता है. इसकी मदद से रंगोली लगाना भी आसान रहेगा और त्योहार के बाद उसे हटाने के लिए फर्श को रगड़ने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.
रंगोली लगाने से पहले करें ये काम
सोशल मीडिया पर एक हैक बहुत वायरल हो रहा है, जिसमें स्टिकर वाली रंगोली को लगाने की एक ऐसी ट्रिक बताई जा रही है जिसकी मदद से उसे हटाने में बहुत आसानी होती है. अगर आप लगाते वक्त इस ट्रिक को अपना लें तो हटाते वक्त स्टिकर फर्श पर चिपका नहीं रह जाता है. स्टिकर वाली रंगोली को सीधे फर्श पर चिपकाने के बजाय उसके नीचे सेलो टेप का बेस तैयार कर लें. इसके लिए सबसे पहले उस जगह को अच्छी तरह साफ कर लें, जहां आपको रंगोली लगानी है. अब फर्श पर सेलो टेप की मदद से एक बेस बना दें. ध्यान रखें कि टेप को इस तरह लगाएं कि रंगोली वाली पूरी जगह कवर हो जाए.
सेलो टेप के ऊपर लगाएं रंगोली का स्टिकर
जब सेलो टेप का बेस तैयार हो जाए, तो उसके ऊपर अपनी पसंद की स्टिकर वाली रंगोली चिपका दें. अब रंगोली फर्श की जगह सेलो टेप पर चिपकी रहेगी. इससे वह अपनी जगह पर टिकी भी रहेगी और सीधे फर्श के कॉन्टैक्ट में भी नहीं आएगी.
दिवाली के बाद ऐसे हटाएं रंगोली
दिवाली का त्योहार खत्म होने के बाद जब रंगोली हटाने की बारी आए, तो उसे किनारे से धीरे-धीरे निकालें. चूंकि नीचे सेलो टेप का बेस मौजूद होगा, इसलिए रंगोली के साथ टेप को भी आसानी से हटाया जा सकेगा. इससे फर्श पर स्टिकर का गोंद चिपकने और उसे बार-बार रगड़कर साफ करने की परेशानी कम हो सकती है.