scorecardresearch
 

'शाहरुख खान की जिहादी मानसिकता', किंग के गाने पर बवाल, दीपिका की भगवा ड्रेस देख भड़के BJP विधायक

फिल्म किंग में दीपिका पादुकोण के आउटफिट पर फिर से बीजेपी के विधायक रविंदर सिंह नेगी ने रिएक्ट किया है. उनका कहना है कि भगवे रंग की ड्रेस पहनकर ऐसा डांस करना सनातन का अपमान है, इसे हटाया जाए वरना फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा.

Advertisement
X
किंग में भगवा ड्रेस दिखाने पर फिर हुई कॉन्ट्रोवर्सी (Photo: ITGD)
किंग में भगवा ड्रेस दिखाने पर फिर हुई कॉन्ट्रोवर्सी (Photo: ITGD)

तीन साल पहले शाहरुख खान की फिल्म पठान में दीपिका पादुकोण की बिकिनी को लेकर बवाल हुआ था. फिल्म में उनके भगवा रंग की बिकिनी पहनने पर विवाद खड़ा हुआ था. बाद में ये मामला ठंडा पड़ गया, लेकिन अब एक बार फिर दीपिका की ड्रेस को लेकर बवाल हुआ है. इस बार फिल्म किंग के गाने 'तू मिल जाए' में भगवा रंग की ड्रेस पहनकर उनके डांस करने पर विवाद हो गया है.

बीजेपी विधायक ने फिर किया विरोध

दिल्ली के पटपड़गंज से बीजेपी विधायक रविंदर सिंह नेगी ने दीपिका और शाहरुख के गाने का विरोध किया है, जिसे अयोध्या के कुछ बड़े संतों-साधुओं का भी समर्थन मिला है. अब बीजेपी विधायक ने शाहरुख खान की फिल्म में सनातन का अपमान करने का आरोप लगाया है. समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा- ये हमेशा एक सोची-समझी साजिश के तहत ही सनातन का अपमान करते हैं. इनको पता है कि भगवा पूरे भारत में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में सनातन का प्रतीक है. हम भगवा को सनातन का प्रतीक मानते हैं.

'तीस साल पहले आपने एक फिल्म बनाई थी और उसमें बिकिनी दिखाई थी. वो भी किसकी फिल्म थी? शाहरुख खान की. उसमें दीपिका पादुकोण थीं और आज जो फिल्म आई है, वो भी किसकी है? शाहरुख खान की. और इसमें भी कौन-सी एक्ट्रेस हैं? वही दीपिका. उन्होंने कौन से कपड़े पहन लिए? भगवा. आप भगवा के अलावा और कपड़े पहनिए. क्यों? क्यों आप सनातन का मजाक उड़ाते हैं? ये शाहरुख खान की जिहादी मानसिकता वाली सोच है और हम इसका भरसक विरोध करते हैं.'

Advertisement

किंग से सीन हटाने की मांग

रविंदर नेगी ने आगे फिल्म किंग से इस सीन को हटाने की मांग भी की है. उन्होंने कहा- अगर ये सीन नहीं हटाया गया, तो इस फिल्म का पूरी तरह बहिष्कार किया जाएगा. इसके लिए हिंदू संगठन मिलकर जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, वे उठाएंगे. महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक हम सनातन का अपमान नहीं होने देंगे. कोई भी व्यक्ति अगर हमारे सनातन के कपड़े पहनकर अभद्रता से पेश आएगा या डांस करेगा, तो हम इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे.

'भगवा सनातन का रंग है और उस भगवे का अपमान करना मतलब सनातन का अपमान करना है. ये लोग हमेशा ऐसा करते हैं. इनकी सोच जिहादी मानसिकता वाली है. चाहे ये कितने भी पैसे कमा लें, कितने भी बड़े फिल्म स्टार बन जाएं, इनकी सोच जिहादी ही रहती है. शाहरुख खान को शर्म आनी चाहिए. इस देश में रहते हो, इस देश का खाते हो और इसी देश से अपनी फिल्मों को चमकाते हो, लेकिन हिंदुओं की आस्था का अपमान करते हो. हिंदू अब ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा. मैं फिर कहता हूं कि जब तक ये सीन नहीं हटाया जाएगा, हम इस फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे.'

बात करें फिल्म किंग की, तो इसे पठान बनाने वाले सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है. ये फिल्म 24 दिसंबर को रिलीज होने के लिए तैयार है. इसमें अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, सुहाना खान, राघव जुयाल, जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी, सौरभ शुक्ला, अभय वर्मा, अनिल कपूर जैसे सितारे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement