बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रामेश्वरम कैफे में एक महिला के साथ हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महिला का आरोप है कि लगभग 600 रुपये का बिल चुकाने के बावजूद उसे डोसे के साथ चटनी नहीं दी गई, जिसके बाद वहां जमकर बहस हुई.
डोसा के साथ सांभर दिया गया
महिला के अनुसार, उसने 376 रुपये का घी पुड़ी सादा डोसा और 195 रुपये की चाय ऑर्डर की थी. जीएसटी जोड़ने के बाद कुल बिल करीब 600 रुपये पहुंचा. महिला का कहना है कि जब उसे डोसा परोसा गया तो उसके साथ केवल सांभर दिया गया, जबकि चटनी देने से मना कर दिया गया.
45 मिनट तक चली बहस
महिला ने आरोप लगाया कि कैफे कर्मचारियों ने कहा कि चटनी इस ऑर्डर में शामिल नहीं है. इस बात पर उसने आपत्ति जताई और करीब 45 मिनट तक कर्मचारियों से बहस करती रही. महिला का कहना था कि जब वह इतना महंगा भोजन खरीद रही है, तो डोसे के साथ चटनी मिलना स्वाभाविक है.
यह भी पढ़ें: IPS अजय पाल शर्मा और CRPF जवानों पर घर में घुसकर अश्लील हरकत करने का आरोप, महिला ने दर्ज कराई शिकायत
कैफे की ओर से वीडियो हटाने का दबाव
महिला ने यह भी दावा किया कि जब उसने अपनी नाराजगी का वीडियो रिकॉर्ड किया, तो कर्मचारियों ने उस पर वीडियो हटाने का दबाव बनाया. हालांकि लंबे विवाद और प्रबंधक के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार उसे चटनी परोसी गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग महंगे एयरपोर्ट पर भोजन और सेवा मानकों पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ इसे ग्राहक अधिकारों से जोड़कर देख रहे हैं. घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट स्थित प्रीमियम रेस्तरां की सेवाओं और मूल्य निर्धारण को चर्चा के केंद्र में ला दिया है.