कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 'सामाजिक न्याय दिवस' के मौके पर लिखे अपने एक लेख के बाद राज्य की राजनीति में मचे घमासान पर चुप्पी तोड़ी है. मुख्यमंत्री ने जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच.डी. कुमारस्वामी और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा पर 'परिवारवाद' का आरोप लगाया.
सिद्धारमैया ने एक्स पर किए एक पोस्ट में दावा किया कि जेडी(एस) में शीर्ष नेतृत्व सिर्फ एक ही परिवार तक सीमित है, जबकि कांग्रेस पार्टी जाति और परिवार से ऊपर उठकर नेतृत्व तैयार करती है.
सिद्धारमैया ने वोक्कालिगा समुदाय के कई कद्दावर नेताओं (जैसे पुट्टस्वामीगौड़ा, बी.एल. शंकर और चेलुवराय स्वामी) का नाम लेते हुए सवाल किया कि आखिर इन सभी ने देवेगौड़ा का साथ क्यों छोड़ा? उन्होंने आरोप लगाया कि देवेगौड़ा और कुमारस्वामी के लिए उनकी जाति सिर्फ एक वोट बैंक है.
एक ही परिवार केलोग आगे बढ़ने पर जताई आपत्ति
सिद्धारमैया ने कहा, 'पिता और बेटों ने राजनीति में अपनी ही जाति के अन्य नेताओं को किनारे कर दिया ताकि सिर्फ परिवार के लोग ही आगे बढ़ सकें. जेडी(एस) का भविष्य, वर्तमान और अतीत सिर्फ गौड़ा परिवार तक ही सीमित है.'
कांग्रेस ने दिए वोक्कालिगा मुख्यमंत्री
मुख्यममंत्री ने कुमारस्वामी के 'कुर्सी के लिए जाति को घसीटने' वाले आरोप पर भी तंज किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वो पार्टी है जिसने केंगल हनुमंतैया से लेकर एस.एम. कृष्णा जैसे वोक्कालिगा नेताओं को मुख्यमंत्री बनाकर उन्हें निखारा. उन्होंने डी.के. शिवकुमार, कृष्णा बायरे गौड़ा और अन्य नेताओं की लंबी सूची पेश करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास आज भी वोक्कालिगा समुदाय का मजबूत नेतृत्व मौजूद है.
'दलित मुख्यमंत्री' पर बड़ा बयान
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सिद्धारमैया ने कहा, 'मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि अगर भविष्य में कर्नाटक को कोई दलित मुख्यमंत्री मिलता है, तो वो सिर्फ कांग्रेस पार्टी के जरिए ही मुमकिन होगा. क्या जेडी(एस) या बीजेपी ऐसी उम्मीद रखने की स्थिति में भी हैं?'
यह भी पढ़ें: 'हाईकमान जो कहेगा वही मानूंगा...', कर्नाटक में कुर्सी पर घमासान के बीच सिद्धारमैया ने दिया साफ संदेश
राहुल गांधा-सोनिया गांधी का जताया आभार
कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच सिद्धारमैया ने कहा, 'ये कांग्रेस पार्टी ही है जिसने मुझ जैसे पिछड़े वर्ग के व्यक्ति को पहचाना और मुझे दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया. इसके लिए मैं पार्टी के नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आभारी हूं.'