कांग्रेस के बाद, अब एचडी कुमारस्वामी की अगुवाई वाली JD(S) ने भी 18 जून यानी कल होने वाले विधान परिषद चुनावों से पहले 'रिसॉर्ट पॉलिटिक्स' शुरू कर दी है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, क्रॉस-वोटिंग के डर से पार्टी ने अपने विधायकों को बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित एक रिसॉर्ट में ले जाने का फैसला किया है.
सूत्रों ने बताया कि विधायकों को आज शाम देवनहल्ली के पास प्रेस्टीज गोल्फ क्लब रिसॉर्ट में ले जाया जाएगा. इसके अलावा, उम्मीद है कि पार्टी के सीनियर नेता वहां विधायकों के लिए ब्रीफिंग और सेशन आयोजित करेंगे.
कांग्रेस ने भी कल अपने विधायकों को मैसूरु रोड पर स्थित टेरेया रिसॉर्ट में भेजा था. यह रिसॉर्ट बेंगलुरु से करीब 28 किलोमीटर दूर वंडरला एम्यूजमेंट पार्क परिसर में स्थित है.
कैसे हुआ फैसला?
विधायकों को दूसरी जगह ले जाने का यह फैसला कल हुई कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक के बाद लिया गया. विधायक तब तक वहीं रहेंगे, जब तक उन्हें वोट डालने के लिए सीधे विधानसभा नहीं ले जाया जाता.
विधानसभा सदस्य विधान सौधा में चुनाव के लिए वोट डालेंगे, जहां सात सीटों के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में हैं. कांग्रेस की नजर सात में से पांच सीटों पर है.
जीतने के लिए हर उम्मीदवार को कम से कम 28 वोटों की जरूरत है. अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा में अपनी ताकत के आधार पर कांग्रेस और बीजेपी के क्रमशः चार और दो सीटें आसानी से जीतने की उम्मीद है.
अधिकारियों ने बताया कि सातवीं सीट के लिए मुकाबला होने की उम्मीद है, क्योंकि कांग्रेस और JD(S) दोनों ने ही अपने दम पर सीट जीतने के लिए जरूरी संख्या बल न होने के बावजूद उम्मीदवार उतारे हैं.
इन सीटों के लिए कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कामकनूर, शिवन्ना बीएस, विनय कार्तिक प्रकाश, पीवी मोहन और KPCC अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद, बीजेपी के लिंगराज पाटिल, रघु आर और JD(S) नेता गोविंदराजू उम्मीदवार हैं.