scorecardresearch
 

महिला सुरक्षा और बेरोजगारी पर उत्तराखंड कांग्रेस का आंदोलन, 22 अक्टूबर से न्याय यात्रा शुरू

उत्तराखंड कांग्रेस 22 अक्टूबर को बदरीनाथ मंदिर में पूजा करेगी. इसके बाद ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू होगी. इस यात्रा में कांग्रेस महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे उठाएगी. पार्टी भर्ती घोटालों, पलायन और स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं पर भी सरकार को घेरेगी

Advertisement
X
उत्तराखंड कांग्रेस 22 अक्टूबर को बदरीनाथ मंदिर से न्याय यात्रा निकालेगी. (File Photo-ITG)
उत्तराखंड कांग्रेस 22 अक्टूबर को बदरीनाथ मंदिर से न्याय यात्रा निकालेगी. (File Photo-ITG)

उत्तराखंड कांग्रेस ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ निकालने जा रही है. पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक, 21 अक्टूबर को नेता देहरादून से बदरीनाथ के लिए रवाना होंगे. 22 अक्टूबर को बदरीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा की औपचारिक शुरुआत होगी. इसके बाद पार्टी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर अपने मुद्दे उठाएगी.

कांग्रेस के इस अभियान के तहत महिला सुरक्षा, महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और भर्ती घोटालों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है. पार्टी अग्निवीर योजना का मुद्दा भी उठाएगी. यह यात्रा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के साथ आयोजित की जा रही है.

पूर्व विधायक गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह करेंगे नेतृत्व

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, यात्रा का नेतृत्व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला करेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी पार्टी के अभियान से जुड़े रहेंगे.

कांग्रेस का कहना है कि यात्रा के माध्यम से राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं उठाई जाएंगी. पार्टी महिला सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, पलायन और सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरना चाहती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: न्याय यात्रा से समृद्धि यात्रा तक: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 20 साल की ‘यात्रा राजनीति’ का आखिरी पड़ाव?

न्याय यात्रा के तय कार्यक्रम के मुताबिक, 21 अक्टूबर को सुबह 11 बजे देहरादून से बदरीनाथ के लिए प्रस्थान किया जाएगा. यात्रा श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, गौचर, कर्णप्रयाग, पीपलकोटी और जोशीमठ होते हुए बदरीनाथ पहुंचेगी. 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे बदरीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी. इसके बाद न्याय यात्रा का औपचारिक शुभारंभ होगा. सुबह 11 बजे जोशीमठ के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:30 बजे वहां पदयात्रा का कार्यक्रम है. इसके बाद नेता देहरादून लौटेंगे.

23 और 24 अक्टूबर को सहसपुर, विकासनगर और त्यूणी में कार्यक्रम

23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे देहरादून से सहसपुर के लिए प्रस्थान किया जाएगा. सुबह 11 बजे सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा का कार्यक्रम है. इसके बाद दोपहर 2 बजे विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा में भाग लिया जाएगा. फिर नेता त्यूणी के लिए रवाना होंगे, जहां रात्रि विश्राम होगा. 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे त्यूणी में न्याय यात्रा और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसके बाद पार्टी नेता देहरादून के लिए रवाना होंगे.

25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे रायपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम रखा गया है. दोपहर 2 बजे कैंट और शाम 4 बजे धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा के तहत कार्यक्रम होंगे. इनमें कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा का कार्यक्रम है. इसके बाद पार्टी नेता गैरसैंण के लिए रवाना होंगे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कंप्यूटर बाबा का आरोप, MP में गायों की हालत दयनीय, नर्मदापुरम से भोपाल CM हाउस तक निकालेंगे 'गौ माता न्याय यात्रा'

गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान प्रदर्शन

कांग्रेस ने गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान भी आंदोलन की तैयारी की है. उपलब्ध कार्यक्रम के मुताबिक, 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में पार्टी की रैली से जुड़े कार्यक्रम रखे गए हैं. कांग्रेस की ओर से घोषित व्यापक आंदोलन कार्यक्रम में 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया गया है. पार्टी का कहना है कि न्याय यात्रा के दौरान उठाए गए मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा.

इस अभियान के जरिए कांग्रेस राज्य में महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement