scorecardresearch
 

'मोहम्मद दीपक' के Gym की मेंबरशिप लेंगे राहुल गांधी, कल कोटद्वार में करेंगे मुलाकात

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून को उत्तराखंड के कोटद्वार में दीपक कुमार उर्फ 'मोहम्मद दीपक' से मुलाकात करेंगे और उनके जिम की सदस्यता लेने की भी संभावना है. यह कार्यक्रम गैर-राजनीतिक बताया जा रहा है. मोहम्मद दीपक जनवरी में एक विवादित घटना के बाद चर्चा में आए थे. राहुल गांधी के दौरे की कांग्रेस ने पुष्टि की है, जबकि भाजपा ने इसे तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं.

Advertisement
X
'मोहम्मद दीपक' ने दिल्ली आकर राहुल गांधी से मुलाकात की थी. File Photo ITG
'मोहम्मद दीपक' ने दिल्ली आकर राहुल गांधी से मुलाकात की थी. File Photo ITG

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे. अपने दौरे के दौरान वह पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार, 'मोहम्मद दीपक' से मुलाकात करेंगे. सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी का यह कार्यक्रम गैर-राजनीतिक रखा गया है और इसके लिए करीब एक घंटे का समय आरक्षित किया गया है. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी कोटद्वार पहुंचकर दीपक के जिम की सदस्यता भी लेंगे.

कब और क्यों चर्चा में आए थे 'मोहम्मद दीपक'
मोहम्मद दीपक इसी वर्ष जनवरी में चर्चा में आए थे. उस समय कोटद्वार में एक दुकान पर कुछ लोगों और बुजुर्ग दुकानदार के बीच विवाद का मामला सामने आया था. आरोप है कि विवाद के दौरान दीपक ने बुजुर्ग दुकानदार का बचाव करने का प्रयास किया था. इस दौरान उन्होंने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया था, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनलों तक सुर्खियों में रहा.

इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने राहुल गांधी के दौरे की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी उत्तराखंड प्रवास के दौरान पौड़ी के कंडोलिया पार्क में आयोजित सैनिक संवाद सम्मेलन में भी शामिल होंगे.

भाजपा ने लगाए ये आरोप
वहीं राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाए हैं. कोटद्वार भाजपा के जिलाध्यक्ष ऐश्वर्या राज गौरव नौटियाल ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व अपने पुराने कार्यकर्ताओं की अपेक्षा ऐसे व्यक्ति से मिलने को प्राथमिकता दे रहा है, जिसका नाम हाल के विवादों में सामने आया था. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का यह दौरा तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने वाला है.

Advertisement

राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. अब सभी की नजरें 4 जून को होने वाली इस मुलाकात और उसके राजनीतिक असर पर टिकी हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement