scorecardresearch
 

मैदानों में हाय गर्मी! पहाड़ों पर Chill करने पहुंचे लोग, नैनीताल में पर्यटकों का जमावड़ा

उत्तराखंड का नैनीताल इन दिनों पर्यटकों की पसंद बना हुआ है. वीकेंड पर सरोवर नगरी और आसपास के पर्यटन स्थलों में सैलानियों का जबरदस्त रुझान देखने को मिल रहा है. इस बीच लगातार बढ़ते पर्यटक दबाव के चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रही है.

Advertisement
X
नैनीताल की पहचान कही जाने वाली नैनी झील भी पर्यटकों से गुलजार है. (Photo: ITG)
नैनीताल की पहचान कही जाने वाली नैनी झील भी पर्यटकों से गुलजार है. (Photo: ITG)

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक सरोवर नगरी नैनीताल का रुख कर रहे हैं. वीकेंड पर नैनीताल समेत आसपास के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों का जबरदस्त दबाव देखने को मिल रहा है. शहर की माल रोड से लेकर स्नो व्यू, चिड़ियाघर, केव गार्डन और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक दिनभर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी रही.

वहीं विश्वप्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंचीधाम में भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है. हर रोज हजारों की संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु कैंचीधाम पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.

नैनीताल की पहचान कही जाने वाली नैनी झील भी पर्यटकों से गुलजार है. नौकायन के लिए झील किनारे लंबी कतारें लगी रहीं और देर शाम तक पर्यटक बोटिंग का आनंद लेते नजर आए. दिन की ठंडी हवाएं और रात का सुहावना मौसम सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहा है. मैदानों में जहां गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, वहीं पहाड़ों की ठंडी वादियां पर्यटकों को सुकून और राहत दे रही हैं.

गेस्ट हाउस, होमस्टे सारे फुल

पर्यटकों की भारी आमद का असर स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है. नैनीताल और आसपास के अधिकांश होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे लगभग फुल चल रहे हैं. लंबे समय बाद पर्यटन कारोबार में आई इस रौनक से होटल व्यवसायियों, रेस्टोरेंट संचालकों, टैक्सी चालकों और छोटे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं.

Advertisement

हालांकि बढ़ती भीड़ के साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है. माल रोड, भवाली रोड, कालाढूंगी रोड और नैनीताल प्रवेश मार्गों पर दिनभर लंबा जाम लगा रहा. कई स्थानों पर पर्यटकों को घंटों तक वाहनों में फंसे रहना पड़ा. बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटा हुआ है.

गर्मी से राहत की तलाश में पहाड़ों की ओर बढ़ता यह रुख आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में नैनीताल में पर्यटन कारोबार जहां नई ऊंचाइयों पर पहुंचता दिख रहा है, वहीं बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या प्रशासन की परीक्षा भी ले रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement