उत्तराखंड के हल्द्वानी से शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां 29 जुलाई को घर से निकली एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया. इसके बाद उसके साथ दो दिनों तक रेप की वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. जिस जगह से लड़की कथित रूप से गायब हुई, वह हल्द्वानी कोतवाली से करीब 100 मीटर की दूरी पर है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को नाबालिग घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने हल्द्वानी कोतवाली में गुमशुदगी और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की.
इस पूरे मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग को पहले हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा स्थित हरिपुरनायक निवासी 29 वर्षीय विक्रम सिंह अपने स्टूडियो ले गया. इसके बाद आरोप है कि गौलापार के त्रिलोकपुर दानी निवासी 21 वर्षीय सौरव बिष्ट उसे सितारगंज के शक्तिफार्म इलाके में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया गया.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में 16 वर्षीय लड़की से रेप, होटल में 3 दिन तक बंधक बनाकर 70 वर्षीय बुजुर्ग ने लूटी अस्मत
पुलिस ने एक्शन लेते हुए पीड़िता को सितारगंज से बरामद कर लिया. इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रेप, अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. जिस जगह से नाबालिग के अपहरण की बात सामने आई, वह हल्द्वानी कोतवाली से लगभग 100 मीटर की दूरी पर है.
इस जगह पर आसपास कई वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास मौजूद हैं. ये शहर का वह इलाका है, जहां सबसे ज्यादा पुलिस एक्टिविटी और सुरक्षा व्यवस्था रहती है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. आगे की कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.