scorecardresearch
 

बीजेपी सांसद ने आतंकवादी से की कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया की तुलना

दक्षिण कन्नड़ से सांसद कटील ने सिद्धारमैया को ‘‘सुल्तान सिद्धारमैया’’ कहा और देश में आतंकवाद के लिए कांग्रेस और इंदिरा गांधी को जिम्मेदार ठहराया.

Advertisement
X
बीजेपी सांसद नलिन कुमार कटील (फोटो - ट्विटर)
बीजेपी सांसद नलिन कुमार कटील (फोटो - ट्विटर)

पूर्वोत्तर में चुनावी जंग के बाद अब कर्नाटक के चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है. नेताओं की तरफ से आक्रामक प्रचार शुरू हो गया है, इसी के साथ जुबानी जंग भी तेज हो गई है. कर्नाटक से भाजपा सांसद नलिन कुमार कटील ने राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को ‘‘आतंकवादी’’ कहा और उन पर आरोप लगाया कि वह चुप रहकर राज्य में हिंदू कार्यकर्ताओं की कथित हत्या का समर्थन कर रहे हैं.

दक्षिण कन्नड़ से सांसद कटील ने सिद्धारमैया को ‘‘सुल्तान सिद्धारमैया’’ कहा और देश में आतंकवाद के लिए कांग्रेस और इंदिरा गांधी को जिम्मेदार ठहराया.

कटील ने कहा, ‘‘इस देश में आतंकवाद के लिए प्रेरणा का स्रोत कांग्रेस है, इंदिरा गांधी ने भिंडरांवाले (जरनैल सिंह भिंडरांवाले) के जरिए आतंकवादी बनाए.’’ उन्होंने बंटवाल में पार्टी की एक रैली में कहा, ‘‘इसलिए कांग्रेस ने आतंकवाद का समर्थन किया, इंदिरा गांधी ने आतंकवादी बनाए लेकिन इस राज्य के मुख्यमंत्री इस सब से आगे चले गए हैं और वह स्वयं एक आतंकवादी बन गए हैं.’’

Advertisement

उन्होंने सिद्धारमैया पर कर्नाटक में हिंदू कार्यकर्ताओं की कथित हत्या पर चुप रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो आतंक के कृत्य का समर्थन करता है वह भी एक आतंकवादी है.

गौरतलब है कि कर्नाटक में इससे पहले भी जुबानी तीर चलाने के दौरान आतंकवादी शब्द का प्रयोग हो चुका है. इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ही बीजेपी और आरएसएस के लिए आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल किया था.

इससे पहले सिद्धारमैया ने कहा था कि बीजेपी, आरएसएस और बजरंग दल एक तरह के आतंकवादी हैं. जो भी समाज की शांति को भंग करते हैं उन्हें सरकार को बर्दाश्त नहीं करना चाहिए. चाहे वो पीएफआई हो, एसडीपीआई हो या वीएचपी, आरएसएस. बाद में सिद्धारमैया ने कहा कि मेरा मतलब था कि बीजेपी और आरएसएस एक हिंदू उग्रवादी हैं.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement