हैदराबाद की पुलिस ने एक कैब ड्राइवर को सो रही महिला यात्री का वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गाड़ी चलाने के दौरान ड्राइवर को महिला का वीडियो बनाते देखा था.
पुलिस ने बताया कि शहर के आईटी कॉरिडोर के निकट ड्यूटी पर तैनात पुलिस की ‘शी’ टीम के सदस्यों ने मोहम्मद अब्दुल राशिद को गाड़ी चलाने के दौरान मोबाइल फोन से कैब में सवार महिला यात्री का वीडियो बनाते पाया. पुलिस उपायुक्त रमा राजेश्वरी आर ने कहा कि बीपीओ कर्मचारी महिला कैब की सामने वाली सीट पर बैठी थी और उसे कुछ पल के लिए झपकी आ गई थी.
उन्होंने कहा, 'पुलिस ने उसकी कार रोकी और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया और उसमें महिला का सात मिनट का फुटेज पाया.' रमा ने बताया कि महिला शिकायत दर्ज कराने को लेकर अनिच्छुक थी, लेकिन बीपीओ फर्म के मैनेजर ने एक शिकायत दायर की. मामला दर्ज होने के बाद ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया.
-इनपुट भाषा से