राजस्थान (Rajasthan) के कोटा में शनिवार रात को एक किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. उसके बाद बरन इलाके में प्रशासन द्वारा 24 घंटे का कर्फ्यू (Curfew) लगा दिया गया और इंटरनेट सेवा को भी बंद कर दिया गया. बताया गया कि शनिवार शाम को आजाद नाम के किशोर की कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई की थी. उसे दो बार गोली भी मारी गई थी जिस वजह से उसने दम तोड़ दिया और उसकी मौत हो गई.
किशोर की हत्या के बाद बरन में कर्फ्यू
इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया है कि यह एक डेढ़ साल पुराना विवाद था जिस वजह से हेमंत राठोर और उसके कुछ साथियों ने आजाद पर हमला कर दिया. हमले के दौरान पहले आजाद को दो बार गोली मारी गई और उसके बाद आयरन रॉड से पिटाई की गई थी. पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक उस घटना के दौरान मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने मदद का हाथ नहीं बढ़ाया और सभी मूक दर्शक बन देखते रहे. जानकारी यह भी मिली है कि हत्या करने के बाद हेमंत और उसके साथी पांच मिनट तक इलाके में टहलते रहे थे.
इंटरनेट सेवा भी सस्पेंड
अभी के लिए पुलिस जोर देकर कह रही है कि यह कोई सांप्रदायिक घटना नहीं है और सिर्फ और सिर्फ किसी रंजिश की वजह से इस अपराध को अंजाम दिया गया. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया वायरल किया गया था, जिसके बाद प्रशासन द्वारा पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया और इंटरनेट सेवाओं को भी सस्पेंड कर दिया गया. सोमवार सुबह तीन बजे तक इंटरनेट बंद रहने वाला है.
अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर
वहीं पुलिस अभी भी अपराधियों को नहीं पकड़ पाई है और उनकी तलाश जारी है. सीसीटीवी फुटेज के जरिए संग्दिध लोगों से पूछताछ की जा रही है. अभी के लिए IPC की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और हेमंत और उसके साथियों की तलाश जारी है. वहीं मृत आजाद का पोस्टमार्टम किया जा चुका है और बॉडी परिवार वालों को सौंप दी गई है.
(पीटीआई का इनपुट)