चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव के लिए तारीख का ऐलान कर दिया है. राज्यसभा में 12 राज्यों से खाली हो रही 26 सीटों पर चुनाव और उपचुनाव 18 जून को होंगे. महाराष्ट्र में सुनेत्रा अजित पवार और तमिलनाडु में सीवी षण्मुखम की सीट पर उपचुनाव होंगे. वहीं, 10 राज्यों की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं.
कार्यकाल पूरा करने वालों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, जीडीएस सुप्रीमो एच डी देवेगौड़ा, अरुणाचल प्रदेश से नबाम रेबिया भी शामिल हैं.
राज्यसभा सदस्यों के रिटायरमेंट से खाली होने वाली सीटों में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात से चार-चार, राजस्थान और मध्यप्रदेश से तीन-तीन, झारखंड से दो और अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और मिजोरम से एक-एक सीट पर नियमित चुनाव होंगे.
इन चुनाव के लिए अधिसूचना एक जून को जारी होगी. नामांकन आठ जून तक होंगे और मतदान 18 जून को सुबह नौ से शाम चार बजे तक होगा. मतगणना उसी शाम शुरू हो जाएगी. देर रात तक नतीजे आ जाएंगे.
गुजरात की सीटों का समीकरण
गुजरात की राज्यसभा की 4 सीटों पर चुनाव होना है. 18 जून को होने वाले चुनाव में सभी सीटें निर्विरोध होने की पूरी संभावना है. अभी 4 में से 1 सीट कांग्रेस के पास है जबकि तीन बीजेपी के खाते में है. आगामी चुनाव में विधानसभा के संख्याबल के हिसाब से सभी चारो सीटें बीजेपी के हिस्से जाएंगी. गुजरात के इतिहास में पहली बार राज्यसभा में गुजरात से कांग्रेस का कोई भी प्रतिनिध नहीं होगा.
शक्ति सिंह गोहिल का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब गुजरात से राज्यसभा में कांग्रेस का एक भी सांसद नहीं होगा. बीजेपी के पास अभी 162 विधायक हैं. इसके अलावा, 2 निर्दलीय, कांग्रेस के 12, समाजवादी पार्टी 1, आप से 4 और 1 विधायक AAP से निष्कासित है.