
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी 5 दिवसीय विदेश यात्रा (संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली) से स्वदेश लौट आए हैं. प्रधानमंत्री अपनी विदेश यात्रा के दौरान 5 देशों के राष्ट्राध्यक्षों भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन कलाओं को दर्शाने वाले खास गिफ्ट्स दिए हैं.
सबसे खास बात ये रही कि प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट कीं, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी खूब हुई. इनके अलावा पीएम ने मेलोनी को दो स्टोल- (मुगा सिल्क स्टोल और शिंरुई लिली स्टोल), आगरा के मास्टर कारीगरों द्वारा हस्तनिर्मित पच्चीकारी मार्बल इनले वर्क बॉक्स भी गिफ्ट के रूप में दिए.
क्या है मुगा सिल्क की खासियत
इटली के प्रधानमंत्री को भेंट किया गया मुगा सिल्क स्टोल अपनी प्राकृतिक सुनहरी रंगत और सादगी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. असम के इस 'गोल्डन सिल्क' को बिना किसी कृत्रिम रंग के तैयार किया जाता है जो पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल टिकाऊ परंपरा को दर्शाता है. ये प्राकृतिक रूप से दुनिया के सबसे मजबूत धागों में से एक है, जिसकी चमक समय के साथ और गहरी होती जाती है.
मणिपुर के शिंरुई लिली की सांस्कृतिक पहचान
इटली के प्रधानमंत्री को एक अन्य गिफ्ट्स के रूप में शिंरुई लिली सिल्क स्टोल दिया गया है जो मणिपुर की शिंरुई काशोंग चोटी पर उगने वाले दुर्लभ फूलों से प्रेरित है. तांगखुल नागा समुदाय के लिए ये फूल पवित्रता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है. लिली का फूल इटली के पुनर्जागरण काल (रेनेसां) की कला में भी सुंदरता और अनुग्रह का प्रतीक रहा है, जो दोनों देशों को जोड़ता है.
इटली के राष्ट्रपति को दिया गया कीमती मार्बल इनले बॉक्स आगरा के पच्चीकारी या पिएत्रा हुनर का एक उत्कृष्ट उदाहरण है. इसे चमकीले सफेद संगमरमर से बनाया गया है, जिसके ऊपर लेपिस लाजुली, फिरोजा, मैलाकाइट, मूंगा और मदर-ऑफ-पर्ल जैसे अर्ध-कीमती पत्थरों को बेहद सटीकता से तराश कर जड़ा गया है. इस बॉक्स पर उकेरे गए सुंदर फूलों और ज्यामितीय पैटर्न इसकी खूबसूरती को बेजोड़ बनाते हैं.
इसके अलावा पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को केसर आम भेंट किए.