scorecardresearch
 

Wood Furniture Cleaning Tips: लकड़ी की मेज पर पड़ गए हैं गोल-गोल सफेद निशान? बिना पॉलिश कराए इन 4 तरीकों से चुटकियों में हटाएं दाग

लकड़ी की टेबल पर पानी का गिलास या गर्म चाय-कॉफी का कप रखने से सफेद गोल निशान पड़ गए हैं? इन दागों की वजह से फर्नीचर की खूबसूरती फीकी पड़ सकती है. आज हम आपको इन निशानों को हटाने के आसान तरीके बताने वाले हैं.

Advertisement
X
लकड़ी की मेज पर पड़े गोल निशान हटाने के लिए सिरका इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)
लकड़ी की मेज पर पड़े गोल निशान हटाने के लिए सिरका इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)

घर के इंटीरियर और डेकोर को खूबसूरत बनाने के लिए लोग अक्सर लकड़ी के फर्नीचर का इस्तेमाल करते हैं. ये मजबूत और टिकाऊ तो होते हैं, लेकिन जैसे-जैसे इन्हें इस्तेमाल किया जाता है, वैसे-वैसे इनकी चमक फीकी हो जाती है. अक्सर लकड़ी की खूबसूरत टेबल पर चाय-कॉफी के कप रखने से उस पर सफेद गोल निशान पड़ जाते हैं, जो टेबल का पूरा लुक खराब कर देती है. कई बार पानी से भरा गिलास रखने पर भी टेबल पर ऐसे निशान बन जाते हैं. खासकर जब घर में मेहमान आने वाले हों या त्योहार पर साफ-सफाई चल रही हो, तब ये दाग और ज्यादा परेशान करते हैं. इन्हें हटाने के लिए लोग महंगे फर्नीचर क्लीनर खरीदते हैं या फिर टेबल पर दोबारा पॉलिश कराने के बारे में सोचने लगते हैं.

लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से इन निशानों को आप काफी हद तक कम कर सकते हैं? एक्सपर्ट्स की मानें तो, टेबल पर पड़े जिद्दी दागों को हल्का करने और उसकी चमक वापस लाने में मदद मिल सकती है. हालांकि, हर तरीके को आजमाने से पहले टेबल की फिनिश को समझना जरूरी है, क्योंकि गलत चीज इस्तेमाल करने से लकड़ी खराब भी हो सकती है.

1. सिरके और ऑलिव ऑयल से हटाएं पानी के निशान
लकड़ी के फर्नीचर पर पानी के गिलास से बने दाग हटाने के लिए सिरके का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए दाग वाली जगह पर थोड़ा-सा सिरका लगाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें. सिरका पानी के कारण जमा हुए मिनरल्स को हटाने में मदद कर सकता है. हालांकि, इसे बहुत देर तक न छोड़ें.

Advertisement

इसके बाद लकड़ी की चमक वापस लाने के लिए थोड़े-से ऑलिव ऑयल यानी जैतून के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे मुलायम कपड़े पर लेकर दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से लगाएं. इससे फर्नीचर की सतह पर चमक आ सकती है और दाग कम दिखाई दे सकता है.

2. बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट लगाएं
अगर लकड़ी पर पानी के गोल निशान ज्यादा गहरे हैं, तो बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए एक भाग पानी में दो भाग बेकिंग सोडा मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. इसे दाग वाली जगह पर लगाएं और कुछ मिनट तक रहने दें.

इसके बाद मुलायम कपड़े से बहुत हल्के हाथ से साफ करें. बेकिंग सोडा हल्का खुरदरा होता है, इसलिए ज्यादा रगड़ने से लकड़ी की फिनिश खराब हो सकती है. इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट करके देख लें.

3. गर्म प्रेस और सूती कपड़े से हटाएं निशान
टेबल पर बने कुछ निशानों को हटाने के लिए गर्म प्रेस और सूती कपड़े का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसके लिए दाग वाली जगह पर एक साफ सूती कपड़ा रखें. फिर प्रेस को कम टेंपरेचर पर गर्म करके कपड़े के ऊपर कुछ सेकंड के लिए हल्के हाथ से चलाएं.

ध्यान रखें कि इस्त्री को बहुत ज्यादा गर्म न करें और एक ही जगह पर लंबे समय तक न रखें. ज्यादा गर्मी से लकड़ी की पॉलिश या ऊपर की लेयर खराब हो सकती है. ये तरीका हर तरह की लकड़ी या फिनिश पर काम नहीं करता, इसलिए पहले किसी छिपी हुई जगह पर टेस्ट कर लें.

4. फर्नीचर की चमक वापस लाएं
कभी-कभी दाग कम होने के बाद लकड़ी की सतह थोड़ी फीकी या बेजान दिखाई देने लगती है. ऐसे में लकड़ी के लिए बने फर्नीचर पॉलिश का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे मुलायम कपड़े की मदद से लगाएं, ताकि सतह की चमक बेहतर हो सके.

Advertisement

ध्यान रखें कि हर दाग पूरी तरह मिट जाए, ये जरूरी नहीं है. कई बार पानी या गर्म कप के कारण लकड़ी की ऊपर की फिनिश को नुकसान पहुंचता है. ऐसे में घरेलू उपायों से निशान कम हो सकते हैं, लेकिन पूरी तरह हटाने के लिए फर्नीचर की दोबारा पॉलिश या रिपेयर करने की जरूरत पड़ सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement