प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में अपने मंत्रिपरिषद के सहयोगियों से सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहने की सलाह दी. सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बैठक में पूछा कि उनके कितने सहयोगी वास्तव में इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का सक्रिय रूप से इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने कहा कि इस मंच पर बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए हैं और सरकार को उनसे सीधे संवाद स्थापित करने की जरूरत है.
बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि केवल सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं से जुड़े पोस्ट शेयर करना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए युवाओं के साथ इंटरैक्टिव तरीके से जुड़ना चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि सभी मंत्री रेगुलर रील्स और अन्य डिजिटल कंटेंट भी शेयर करें, ताकि युवाओं तक सरकार की बातें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें.
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी बड़ी संख्या में इंस्टाग्राम पर मौजूद है और यह नागरिकों का एक महत्वपूर्ण वर्ग है, जिसके साथ सरकार के सभी मंत्रियों को लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए. उनका मानना है कि सोशल मीडिया के जरिये युवाओं से जुड़कर सरकार की योजनाओं और पहलों की बेहतर जानकारी दी जा सकती है और उनकी भागीदारी भी बढ़ाई जा सकती है.