प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 देशों के दौरे पर हैं. यूएई के बाद वो शुक्रवार देर रात नीदरलैंड पहुंच गए थे. उनकी इस यात्रा का असल मकसद टेक्नोलॉजी, व्यापार और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में यूरोपीय संघ के देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है.
एम्स्टर्डम एयरपोर्ट पर नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने पीएम मोदी का स्वागत किया. नीदरलैंड्स के शहर 'द हेग' में उनके होटल पहुंचने पर भारतीय प्रवासियों ने सांस्कृतिक और संगीतमय प्रस्तुतियां पेश की. इसके साथ ही डच सैनिकों ने उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया.
साल 2017 के बाद प्रधानमंत्री की ये दूसरी नीदरलैंड यात्रा है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पीएम मोदी नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रोब जेटन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. वो वहां के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे.
नीदरलैंड्स में भारतीयों को संबोधित करेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री यहां रहने वाले भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे. नीदरलैंड्स में 90,000 से ज्यादा अनिवासी भारतीय (NRI) और भारतीय मूल के लोग रहते हैं. इसके साथ ही वहां करीब 2,00,000 सूरीनामी हिंदुस्तानी समुदाय के लोग भी हैं. फिलहाल नीदरलैंड्स की अलग-अलग यूनिवर्सिटियों में करीब 3,500 भारतीय छात्र भी पढ़ाई कर रहे हैं.
सेमीकंडक्टर और AI पर फोकस
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड्स के टॉप बिजनेस लीडर्स के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग करेंगे. इस बैठक में सेमीकंडक्टर, AI और ग्रीन ट्रांजिशन जैसे एडवांस मुद्दों पर चर्चा होगी. इस दौरान भारत और नीदरलैंड्स के बीच कई बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है.
विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बढ़ते सहयोग पर कहा, 'नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर सहयोग और साझेदारी का एक बेहद अहम क्षेत्र है. हमने हाल ही में नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर और उभरती प्रौद्योगिकियों पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. इसके अलावा, भारत के शीर्ष तकनीकी संस्थानों और नीदरलैंड्स के संस्थानों के बीच एक संस्थागत सहयोग भी चल रहा है, जिसे दोनों देशों के उद्योगों का पूरा समर्थन हासिल है.'
भारत के लिए निवेश का बड़ा गढ़ है नीदरलैंड्स
नीदरलैंड्स यूरोपीय संघ (EU) में भारत का सबसे बड़ा निवेशक है, जबकि ग्लोबल लेवल पर ये भारत का चौथा सबसे बड़ा निवेशक देश है. भारत में इसका निवेश 55 अरब डॉलर से ज्यादा का है. इसके साथ ही, यूरोपीय संघ में नीदरलैंड्स भारतीय निर्यात के लिए तीसरा सबसे बड़ा बाजार है.
विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने आगे बताया, 'पिछले कुछ सालों में पारंपरिक व्यापार और निवेश के अलावा WAH (वॉटर, एग्रीकल्चर, हेल्थ) जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में हमारा सहयोग काफी गहरा हुआ है.'
स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा भी करेंगे PM मोदी
नीदरलैंड्स के बाद, पीएम मोदी स्वीडन के गोथेनबर्ग के लिए रवाना होंगे. वहां वो स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. दोनों नेता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ 'यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री' को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे.
इसके बाद सोमवार को पीएम मोदी नॉर्वे पहुंचेंगे, जहां वो तीसरे 'भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन' में हिस्सा लेंगे और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ बैठक करेंगे. वो वहां के राजा हेराल्ड पंचम और रानी सोनिया से भी मुलाकात करेंगे.
यह भी पढ़ें: Live: यूएई के बाद नीदरलैंड पहुंचे पीएम मोदी, कई बड़े समझौतों की उम्मीद
मंगलवार को होने वाले इस शिखर सम्मेलन में डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे, जहां सस्टेनेबिलिटी, ब्लू इकोनॉमी और आर्कटिक जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. प्रधानमंत्री का ये दौरा इटली में खत्म होगा, जहां वो राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करेंगे.