scorecardresearch
 

प्रयागराज, गोंडा-हापुड़-देवरिया... अब यूपी में पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें, ‘पैनिक बाइंग’ कर रहे लोग

तेल और गैस को लेकर फैली गलत सूचनाओं ने कई प्रदेशों में अचानक मांग बढ़ा दी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव दिखाई दिया. अधिकारियों ने स्थिति सामान्य बताते हुए लोगों से संयम रखने को कहा, कुछ स्थानों पर रसोई गैस की परेशानी और अवैध रिफिलिंग जैसे मामले भी सामने आए, जिन पर कार्रवाई की गई.

Advertisement
X
यूपी के प्रयागराज में पेट्रोल-पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखी गई. (Photo-PTI)
यूपी के प्रयागराज में पेट्रोल-पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखी गई. (Photo-PTI)

मध्यप्रदेश और गुजरात के बाद अब उत्तर प्रदेश और असम तक पेट्रोल-डीजल को लेकर पैनिक बाइंग का असर दिखाई देने लगा है. बुधवार रात तक प्रयागराज, गोंडा, सिद्धार्थनगर, हापुड़, देवरिया, संत कबीर नगर सहित कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं. 

हालांकि प्रशासन लगातार लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पर्याप्त स्टॉक होने की अपील कर रहा है. प्रयागराज में पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद अफवाह फैलने से पंपों पर भारी भीड़ जमा हो गई. लोग डर के कारण अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पहुंच गए, जिससे कई जगह अव्यवस्था की स्थिति बन गई. 

इसी तरह देवरिया में भी सुबह से ही पेट्रोल खत्म होने की चर्चा फैल गई, जिसके बाद लोग पंपों पर उमड़ पड़े. देवरिया की डीएम दिव्या मित्तल ने वीडियो संदेश जारी कर साफ कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और घबराने की जरूरत नहीं है.

गोंडा में आज पेट्रोल लेने वाले की भीड़ अचानक पंपों पर बढ़ गई दो एक पेट्रोल पंपों के बंद होने के कारण अफरातफरी फैल गई जिससे पंपों पर पेट्रोल भरवाने के लिए गाड़ियों की लंबी लंबी लाइनें लग गई. यह आलम तब है जब  शहर  के एक पेट्रोल पंप मालिक विजय तिवारी ने बताया कि हमारे पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है.

Advertisement

अफवाह के चलते भीड़ लगी है. अपर जिला अधिकारी आलोक कुमार की माने तो जिले में पर्याप्त तेल का स्टॉक मौजूद है एडीएम ने फोन पर बताया कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी एक्शन लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: आंखों देखी: रातोरात पेट्रोल पंप पर क्यों भीड़ उमड़ी? MP के 8 शहरों में कितना है पेट्रोल-डीजल का स्टॉक

मध्य प्रदेश के इंदौर में भी इसी तरह के हालात नजर आए. इंदौर में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर वायरल वीडियो और अफवाहों के बाद प्रशासन सख्त हो गया है और अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है.  दावा किया जा रहा है कि लोहा मंडी इलाके के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल 149 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा है.

मध्यप्रदेश के देवास में पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन देखकर एक बैंक कर्मचारी घोड़े पर बैठकर ऑफिस पहुंच गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वहीं भोपाल में एक पेट्रोल पंप द्वारा 200 रुपये से ज्यादा पेट्रोल न देने के आदेश के बाद प्रशासन ने छापा मारकर पंप को सील कर दिया. इसी तरह के हालात मंदसौर में भी नजर आए, जिसका वीडियो आप नीचे देख सकते हैं-

 महाराष्ट्र के वाशिम जिले के कारंजा शहर के पेट्रोल पंपों पर बीती रात से लोगों की भीड़ पेट्रोल भरवाने के लिए उमड़ पड़ी. भरी दोपहर तेज धूप मे घंटों कतार मे खड़े रहकर किसी ने एक हजार रूपये का तो किसी ने 500 रुपये का पेट्रोल अपनी गाड़ियों मे भरवाया. लोगों ने बताया की पेट्रोल खत्म होने की बात सुनकर वह पेट्रोल भरवाने आये हैं.

Advertisement

इसके अलावा महाराष्ट्र के सतारा, कोल्हापुर, सांगली, सोलापुर, पुणे और जालना और वाशिम में भी पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई. लोगों ने अफवाह के चलते घंटों लाइन में लगकर पेट्रोल भरवाया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है.

यह भी पढ़ें: 200 से ज्यादा का पेट्रोल नहीं मिलेगा... भोपाल के नायरा पंप को 'तुगलकी' फरमान पड़ा भारी, प्रशासन ने जड़ा ताला

यह संकट केवल उत्तर भारत ही नहीं बल्कि दक्षिण में देखने को मिल रहा है. हैदराबाद में भी पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं.  वहीं चेन्नई में भी पेट्रोल-डीजल पंपों के बाहर लोग घंटों तक इंतजार करते हुए देखे गए.

हैदराबाद के एक पेट्रोल पंप के बाहर लगी लंबी कतार

इस बीच एलपीजी को लेकर भी कई जगह परेशानी की खबरें सामने आई हैं. हापुड़ में गैस सिलेंडर की कमी के कारण एक बेटी की शादी तक टालनी पड़ गई. परिवार ने जिला पूर्ति अधिकारी से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है.

दिल्ली के द्वारका में अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का भी भंडाफोड़ हुआ है, जहां 200 से ज्यादा छोटे-बड़े गैस सिलेंडर और उपकरण जब्त किए गए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. प्रशासन और सरकार लगातार कह रहे हैं कि पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन अफवाहों के कारण कई राज्यों में पैनिक बाइंग की स्थिति बन गई है, जिससे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं.
 

Advertisement

(इनपुट- द्वारका से रंजनीकांत जोशी, सतारा से सकलेन मंसूर, देवास से शकील खान)

---- समाप्त ----
Live TV

  • क्या आपके इलाके में भी पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लग रही हैं?

Advertisement
Advertisement