scorecardresearch
 

गांव में भीख मांगने आई महिलाओं को बच्चा चोर समझकर पीटा, जूते-चप्पलों से हमला करने का VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदौरी गांव में बच्चा चोरी के शक में भीड़ हैवान बन गई. गांव वालों ने पांच महिलाओं को सड़क पर घेरकर लात-जूतों और लाठियों से बेरहमी से पीट दिया. इस घटना का लाइव वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस को सूचना मिलने पर महिलाओं को भीड़ से सुरक्षित निकाला और बच्चा चोरी की अफवाह को खारिज कर दिया है.

Advertisement
X
महिलाओं को बच्चा चोर समझकर पीटती भीड़. (Photo: Screengrabs)
महिलाओं को बच्चा चोर समझकर पीटती भीड़. (Photo: Screengrabs)

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई थाना क्षेत्र के नंदौरी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बच्चा चोरी करने के शक में भीड़ ने पांच महिलाओं को पकड़ कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

जानकारी के अनुसार नंदौरी गांव में कुछ महिलाएं घूम रही थीं. इसी दौरान गांव के लोगों को शक हुआ की  महिलाएं बच्चों को चोरी करने आई है. वहीं देखते ही देखते गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. भीड़ ने पांच महिलाओं को घेर लिया और सड़क पर ही लात-घूंसों तथा लाठियों से ताबड़तोड़ पिटाई शुरू कर दी. गांव के लोगों का कहना कि बच्चे के चिल्लाने पर इन महिलाओं को पकड़ा गया था. हालांकि इस दौरान उनके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए.

महिलाओं की पिटाई में गांव की महिलाएं और युवक भी शामिल थे. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गांव के लोग इकट्ठे होकर महिलाओं को पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए महिलाओं को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और थाने लाई. हालांकि पुलिस की तत्परता से बड़ी घटना टल गई नहीं तो भीड़ के गुस्से का अंजाम और भी भयानक हो सकता था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Bihar के समस्तीपुर में आसमान से गिरा रहस्यमयी डिवाइस, जासूसी की फैली अफवाह!

बच्चा चोरी की अफवाह और दावों को पूरी तरह से झूठा बताया

पुलिस ने जांच के बाद बच्चा चोरी की अफवाह और दावों को पूरी तरह से झूठा बताया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ये महिलाएं घरों में घूमकर पैसे मांग रही थीं. पुलिस अब सभी महिलाओं की पहचान कर रही है और मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि महिलाएं गांव में किस काम से आई थीं और किस बात को लेकर विवाद हुआ.

घटना पर एएसपी ने क्या कहा?

इस मामले में ए.एस.पी. शोभराज अग्रवाल ने बताया कि गांव में चार से पांच अज्ञात महिलाएं मांगने का काम कर रही थीं. इसी दौरान गांव वालों से कुछ वाद-विवाद होने पर गांव वालों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया. इस तथ्य में पुलिस दोनों पक्षों की तरफ से जांच कर रही है. जांच में जो तथ्य आएगा उसके आधार पर  कार्रवाई की जाएगी.

जांच में यह भी बात सामने आई है कि ये महिलाएं जेवरा सिरसा की आदिवासी हो सकती हैं. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किया है. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से समाज में डर फैलता है और निर्दोष लोगों की जान भी जा सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement