रेप केस में आरोपी और भगोड़ा घोषित हो चुके नित्यानंद ने एक बार फिर ऐसा दावा किया है जो सुर्खियां बटोर रहा है. खुद का देश कैलासा बनाने का दावा करने वाले नित्यानंद ने अपने ताजा बयान में अपने मुल्क के लिए वीज़ा का ऐलान किया है.
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में नित्यानंद ने दावा किया है कि कैलासा आने के लिए उसकी खुद की चार्टर्ड फ्लाइट सर्विस है, जिससे लोग कैलासा आ सकेंगे. हालांकि, यहां आने वाले व्यक्ति को सिर्फ तीन दिन तक ही रुकने दिया जाएगा.
Kailasa trip is open now. You can apply for visa. And have a Darshan of Lord Shiva physically. 👺
— Vishweshwar Bhat (@VishweshwarBhat)
अपने वीडियो में नित्यानंद ने बताया है कि कैलासा आने के लिए ऑस्ट्रेलिया से फ्लाइट लेनी होगी. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि नित्यानंद के इस स्वघोषित देश की लोकेशन इसी के आसपास है. दावा है कि वीज़ा के तहत इस यात्रा में परम शिव के दर्शन भी कराए जाएंगे.
देखें: आजतक LIVE TV
आपको बता दें कि रेप के आरोपी नित्यानंद ने देश से भागने के बाद पिछले साल ही अपना देश कैलासा बनाने का ऐलान किया था. तब से अबतक नित्यानंद ने अपने वीडियो में कैलासा से जुड़ी कई जानकारी दी हैं, जिनमें खुद की करंसी, रिजर्व बैंक और अन्य सभी सुविधाओं के होने का दावा किया है.
नित्यानंद ने कैलासा में अपनी सरकार, मंत्री, मंत्रालय समेत अन्य कई सुविधाओं के होने का दावा किया है. नित्यानंद भले ही भारत में भगोड़ा घोषित हो लेकिन अक्सर अपने वायरल वीडियो के कारण सुर्खियों में बना रहता है.