scorecardresearch
 

चाय पीते-पीते अचानक जमीन पर गिरा युवक, कुछ ही सेकेंड में थमी सांसें... बस स्टैंड पर युवक की लाइव मौत का CCTV

Rajgarh News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर बस स्टैंड पर 32 वर्षीय रामबाबू मोंगिया की अचानक गिरकर मौत हो गई. घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज आया सामने. जेब से मिली 2 दिन पुरानी ईसीजी रिपोर्ट. पुलिस जांच में जुटी. पढ़ें पूरी रिपोर्ट...

Advertisement
X
इंदौर से लौट रहे रामबाबू मोंगिया की सारंगपुर में अचानक मौत.(Photo:Screengrab)
इंदौर से लौट रहे रामबाबू मोंगिया की सारंगपुर में अचानक मौत.(Photo:Screengrab)

MP News: राजगढ़ जिले के सारंगपुर बस स्टैंड पर एक युवक की अचानक मौत का मामला सामने आया है. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में युवक पहले पूरी तरह सामान्य नजर आता है, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद अचानक कुर्सी से नीचे गिर पड़ता है. आसपास मौजूद लोग उसे संभालने के लिए दौड़ते हैं, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी होती है. घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई.

मृतक की पहचान रामबाबू पिता देवी सिंह मोंगिया (32) निवासी मुगलखेड़ी के रूप में हुई है. वह इंदौर में अपनी पत्नी से मिलने गया था और वापस घर लौटते समय सारंगपुर बस स्टैंड स्थित अवंतिका चाय दुकान पर बस से उतरकर रुका. उसने पहले पानी की बोतल खरीदी, कुछ देर ठेले पर लेटा और फिर कुर्सी पर बैठ गया.

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ती है और वह जमीन पर गिर जाता है. इसके बाद वह दोबारा नहीं उठ सका.

घटना की सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची. नगर पालिका के शव वाहन से शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई. पुलिस ने पंचनामा बनाकर परिजनों को सूचना दी. देखें VIDEO:-  



प्रारंभिक जांच में पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार युवक लंबे समय से अत्यधिक शराब के सेवन का आदी था और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से भी जूझ रहा था. पुलिस को उसकी जेब से ECG रिपोर्ट भी मिली है. बताया जा रहा है कि उसने दो दिन पहले ही हृदय संबंधी जांच कराई थी.

मृतक के छोटे भाई संजू मोग्या ने बताया कि उनका भाई व्यवहार कुशल था, लेकिन शराब की लत लग गई थी. घबराहट और बीपी की समस्या के चलते वह इंदौर इलाज कराने गया था ताकि अपनी पत्नी के पास रहकर उपचार करा सके.

वहीं, पिता देवीसिंह मोग्या ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता था और झाड़ू बनाकर भी परिवार का पालन-पोषण करता था. थोड़ी-सी जमीन होने के कारण परिवार का गुजारा मुश्किल से चलता था. पत्नी के अलग रहने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और इसी दुख में शराब पीने की आदत बढ़ गई.

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

वहीं, सामने आए सीसीटीवी वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज कर दी है, क्योंकि युवक कुछ ही क्षण पहले तक पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement