scorecardresearch
 

कच्चा तेल सस्ता, तो जनता को महंगा पेट्रोल-डीजल क्यों? कांग्रेस का केंद्र सरकार पर तीखा वार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की ऊंची कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने बीजेपी पर जनता को टैक्स के जरिए लूटने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि जब कच्चा तेल सस्ता हो चुका है तो आम लोगों को राहत क्यों नहीं दी जा रही.

Advertisement
X
पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों को लेकर केंद्र पर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे. (Photo: X/@INC)
पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों को लेकर केंद्र पर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे. (Photo: X/@INC)

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें पश्चिम एशिया युद्ध से पहले के स्तर पर लौट आने के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की ऊंची कीमतों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने बीजेपी पर जनता को 'लूटने' और 'जेब काटने' का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता बीजेपी के लिए सिर्फ टैक्स वसूली और राजस्व बढ़ाने का जरिया बनकर रह गई है.

खड़गे ने सवाल किया कि जब वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें युद्ध-पूर्व स्तर तक गिर चुकी हैं, तब भी जनता को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के लिए ज्यादा कीमत क्यों चुकानी पड़ रही है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'बीजेपी की लूट और जेब काटने की आदत- कच्चे तेल की कीमतें लगातार गिर रही हैं, लेकिन पेट्रोल-डीजल-गैस पर राहत देने के बजाय मोदी सरकार जनता की बचत पर और शिकंजा कस रही है.'

यह भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट से निकले 30 भारतीय जहाज, लेकर आ रहे तेल-गैस और फर्टिलाइजर, 20 से ज्यादा कतार में

कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार के सामने तीन सवाल रखते हुए कहा कि जब पश्चिम एशिया में युद्ध अपने चरम पर था, तब कच्चा तेल 138 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था. उन्होंने कहा कि उस समय पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर था, जबकि आज कच्चा तेल गिरकर 70.71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है. खड़गे ने पूछा, 'फिर मोदी सरकार आज भी पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर क्यों बेच रही है?'

Advertisement

उन्होंने कहा कि युद्ध का हवाला देकर बीजेपी सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम दोगुने कर दिए थे. अब जब आपूर्ति सामान्य हो चुकी है तो एलपीजी की कीमतें कम क्यों नहीं की जा रहीं? जनता को एक पैसे की भी राहत क्यों नहीं मिल रही? खड़गे ने कहा कि घरेलू सिलेंडर, प्रवासी मजदूरों के लिए उपयोगी 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर और सीएनजी-सबकी कीमतें बढ़ा दी गई हैं. उन्होंने सवाल किया, 'अब जब हालात सामान्य हैं तो कीमतें घटाने के मामले में मोदी सरकार के हाथ क्यों कांप रहे हैं?'

यह भी पढ़ें: ईरान ने होर्मुज खोलने समेत अमेरिका की दो शर्तें मानी, बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने दी तेल बेचने की छूट

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब कच्चा तेल महंगा था तब जनता परेशान थी और अब जब कच्चा तेल सस्ता हो गया है तब भी जनता ही बोझ उठा रही है. उन्होंने कहा, 'यह साफ है कि जनता बीजेपी के लिए सिर्फ टैक्स वसूली और राजस्व बढ़ाने का माध्यम बन गई है.' कांग्रेस लगातार एनडीए सरकार पर आरोप लगाती रही है कि वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें कम होने के बावजूद पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के दामों में कमी नहीं की गई. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement