महिला आरक्षण बिल से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में गिरने के बाद सियासत गरमा गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर हमला बोला. अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे ने उन पर पलटवार किया है.
खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने आधिकारिक संबोधन का गलत इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने संबोधन को एक राजनीतिक और झूठ से भरा भाषण बना दिया है.
कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने अपने पूरे भाषण में महिलाओं से ज्यादा कांग्रेस का जिक्र किया, जो उनकी प्राथमिकताओं को दिखाता है.
खड़गे ने कहा, 'मोदी जी ने कांग्रेस का 59 बार जिक्र किया और महिलाओं का बमुश्किल कुछ ही बार. ये देश को उनकी प्राथमिकताओं के बारे में सब कुछ बता देता है. महिलाएं बीजेपी की प्राथमिकता नहीं हैं. कांग्रेस है, क्योंकि कांग्रेस इतिहास के सही पक्ष पर खड़ी है.'
खड़गे ने आगे कहा कि पिछले 12 सालों में दिखाने के लिए कुछ सार्थक न होने की वजह से हताश प्रधानमंत्री ने आधिकारिक संबोधन को कीचड़ उछालने और झूठ बोलने के मंच में बदल दिया है. उन्होंने इसे लोकतंत्र और भारत के संविधान का मजाक बताया.
खड़गे ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने हमेशा महिला आरक्षण का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि 2010 में राज्यसभा में बिल पास करने वाली कांग्रेस ही थी. उन्होंने 2023 के बिल के नोटिफिकेशन में हुई देरी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, सच तो ये है कि बीजेपी को अपना ही बिल अधिसूचित करने में 3 साल लग गए, ये भारत की नारी शक्ति के लिए उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है.'
खड़गे की तीन मांगें
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के सामने तीन मांगें भी रखीं. पहला ये कि 2023 के कानून के तहत मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही 33% आरक्षण तुरंत लागू करें. दूसरा. परिसीमन विधेयकों को महिला आरक्षण बिल के साथ मिलाना बंद करें. ये सिर्फ चुनावी फायदे के लिए नक्शा बदलने की साजिश थी. तीसरा, देश के 140 करोड़ भारतीयों से माफी मांगें.
यह भी पढ़ें: 'कोई महिला PM बने, तो स्वागत करेंगे...' मोदी के वार पर विपक्ष का पलटवार, जानें BJP नेताओं ने क्या कहा
बीजेपी के 'महिला विरोधी' रवैये पर पलटवार
खड़गे ने बीजेपी शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का जिक्र भी किया. उन्होंने हाथरस, उन्नाव और हरियाणा की महिला पहलवानों के साथ हुए व्यवहार पर जवाब मांगाय उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने बलात्कारियों को बचाया और बिल्किस बानो मामले के दोषियों को रिहा किया.