उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. पाकिस्तान के ऊपर एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा से लेकर जम्मू-कश्मीर तक मौसम बदल गया है. कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो रही है तो कहीं भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चल रही है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी देखी जा रही है.
देश की राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो आसमान में बादल छाए हुए हैं. एनसीआर के इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबादी हो रही है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पाकिस्तान के ऊपर एक्टिव मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर आज पूरे दिन और कल थोड़ा-बहुत जारी रहने की उम्मीद है.
दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई जगह बूंदाबांदी
दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं. दोपहर के वक्त कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है. वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आस-पास के इलाकों में तेज हवाएं चलने से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है.
बता दें, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया था कि 30 मार्च को दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. जिसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम: दिल्ली-NCR में चलेगी आंधी, होगी बारिश, जानिए IMD का अलर्ट
कश्मीर और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है. 30 मार्च को कश्मीर घाटी में भारी बारिश या बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 31 मार्च तक बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
कल तक असर, परसों से फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 31 मार्च तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. उसके बाद 1 अप्रैल यानी परसों से मौसम साफ होने के साथ तापमान फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा. हालांकि, लू जैसी गर्मी अभी नहीं पड़ेगी. ठंडी हवाओं का असर कुछ दिन और बना रह सकता है.
नॉर्थ इंडिया में फिर मौसम का यूटर्न! गर्मी के बीच इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
2-3 अप्रैल से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विभाग के मुताबिक, 2 या 3 अप्रैल से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दस्तक देगा. इसका असर न सिर्फ उत्तर भारत बल्कि पूर्वी भारत (जैसे बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल आदि) में भी दिख सकता है. जिससे फिर बारिश और आंधी की संभावना बनेगी.
क्या है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस?
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मेडिटेरेनियन सागर और कैस्पियन सागर के पास से उठने वाली हवा की प्रणाली है. यह पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ती है और उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी लाती है. इस बार मार्च के आखिर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, जो आमतौर पर इस मौसम में कम देखा जाता है.