मार्च महीना खत्म होने वाला है, लेकिन उत्तर भारत में अभी तक गर्मी ने जोर नहीं पकड़ा है. लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से मौसम ठंडा और खुशनुमा बना हुआ है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है. वहीं, ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी जारी है.
दिल्ली-NCR में आज आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार (30 मार्च 2026) को दिल्ली में दोपहर 2 बजे के बाद मौसम बदल सकता है. ज्यादातर इलाकों में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. आंधी के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है.
मौसम विभाग ने सोमवार, 30 मार्च को दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
नॉर्थ इंडिया में फिर मौसम का यूटर्न! गर्मी के बीच इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, बवाना, मुंडका, नजफगढ़, द्वारका, बहादुरगढ़, गुरुग्राम और मानेसर में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई अन्य इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है.
वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने की वजह से मार्च के आखिरी दिनों में भी पहाड़ों पर ठंड और बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है. इससे मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे गर्मी का असर कम हो रहा है.
मार्च में क्यों नहीं पड़ रही गर्मी?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस साल मार्च में कई पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक सक्रिय हो रहे हैं. ये सिस्टम पश्चिम एशिया से आकर उत्तर भारत को प्रभावित कर रहे हैं. इनकी वजह से बादल की आवाजाही बनी हुई है और तापमान नहीं बढ़ रहा है.