देश के कई हिस्सों में गर्मी ने सामान्य समय से पहले दस्तक दे दी है. मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार प्री-मानसून सीजन की ओर बदलाव के दौरान आमतौर पर उत्तरी मैदानी इलाके सबसे आखिर में गर्म होते हैं. लेकिन इस बार गर्मी का असर अभी से महसूस होने लगा है.
रात और दिन दोनों समय पारा डबल डिजिट में पहुंच रहा है. जबकि आम तौर पर यहां मार्च की शुरुआत तक हल्की ठंड बनी रहती है. राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान बढ़ने लगा है.
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में न्यूनतम तापमान 15 से 19°C तक पहुंच गया है, जिससे गर्मी का असर महसूस होने लगा है. हरियाणा के अधिकांश हिस्सों, खासकर दक्षिणी क्षेत्र और राजस्थान से सटे इलाकों में न्यूनतम तापमान अब 11-14°C तक दर्ज हो रहा है. पंजाब में भी कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 10°C के आसपास दर्ज हुआ है.
यह भी पढ़ें: समुद्र का बढ़ेगा पारा! मार्च से मई के बीच आयेंगे ये बदलाव... WMO की रिपोर्ट
दिल्ली में भी तापमान में बढ़त देखने को मिल रही है. IMD रीजनल मेटियोरोलॉजिकल सेंटर, न्यू दिल्ली के मुताबिक, कल दिल्ली (सफदरजंग) में अधिकतम तापमान 30.5°C दर्ज किया गया. इससे पहले 16 फरवरी 2026 को अधिकतम तापमान 31.6°C तक पहुंचा था. आने वाले दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है.
होली के आसपास मौसम बदलेगा
स्काईमेट वेदर के अनुसार, इस बार प्री-मानसून की ओर बदलाव सामान्य समय से पहले होने के संकेत मिल रहे हैं. अगले करीब एक हफ्ते तक कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नजर नहीं आ रहा है. सबसे पहले होली के आसपास एक नया सिस्टम बनने की संभावना है, जो मुख्य रूप से पहाड़ी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है.
निचले स्तर की हवाएं मजबूत और शुष्क रहेंगी, जो प्री-मानसून की शुरुआत का संकेत हैं. इसका मतलब है कि इस बार सर्दी से राहत सामान्य से पहले मिल सकती है.