देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राजधानी दिल्ली में जहां भीषण गर्मी के बीच रविवार को तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, वहीं केरलम और उत्तर बंगाल में भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं.
28 जून को दिल्ली-NCR में शाम होते-होते आसमान में अचानक घने बादल छा गए. मौसम विभाग ने दोपहर 3:30 बजे चेतावनी दी थी कि अगले दो घंटों के भीतर पूरे दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी. इसके तुरंत बाद शाम 4:10 बजे IMD ने दिल्ली के कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' लागू कर दिया.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में अगले 5 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में कहां-कहां हो सकती है बारिश
अगले 2 घंटों में गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, फारुखनगर, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहाना, रेवाड़ी और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ हल्की आंधी और बिजली गिर सकती है. नारनौल, बावल, नूंह (हरियाणा) बड़ौत, दौराला, बागपत, मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, पिलखुआ, हापुड़, गुलौटी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर (U.P.) और भिवाड़ी (राजस्थान) में भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है.
दिल्ली में क्यों आई अचानक आंधी और बारिश?
जून के आखिर में दिल्ली का तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा था. मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यही भीषण गर्मी इस आंधी-बारिश का ईंधन बनी. जब गर्म जमीन के ऊपर की नमी वाली हवा तेजी से ऊपर की ओर उठती है, तो वायुमंडल में मौजूद ऊर्जा रिलीज होती है. इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और एक पश्चिमी विक्षोभ के मिलने से 'क्युमुलोनिम्बस' बादल बने. ये बादल हवा में 10 किलोमीटर से भी ऊपर चले जाते हैं, जिसके कारण अचानक तेज आंधी और बारिश देखने को मिली.
केरलम में भारी बारिश: 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्य केरलम में मानसून की बारिश अब और तेज हो गई है. रविवार को पूरे राज्य में भारी बारिश हुई, जिसके बाद केरलम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य के 6 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी कर दिया है.
इडुक्की, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड ऑरेंज अलर्ट लागू कर दिया गया है. वहीं तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलापुझा, कोट्टायम, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम में रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कन्नूर और कासरगोड में 29 जून, 30 जून और 1 जुलाई को भी ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा. KSDMA ने भूस्खलन, अचानक आने वाली बाढ़ और नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए प्रशासन ने टोल-फ्री नंबर 1077 और 1070 जारी किए हैं.
उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में आफत की बारिश
उत्तर बंगाल के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. लगातार हो रही बारिश की वजह से तीस्ता, जलढाका, दयना, लीश और घीश जैसी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.
IMD ने दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले मैदानी इलाकों में जलभराव की चेतावनी दी गई है. पिछले 24 घंटों में अलीपुरद्वार के कुमारग्राम में सबसे ज्यादा 16 सेमी बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा दार्जिलिंग के सेवक में 12 सेमी और अलीपुरद्वार के रायडक में 12 सेमी बारिश हुई है.
यह भी पढ़ें: Weather Update: इन राज्यों की तरफ बढ़ रहा मॉनसून, कहीं भारी बारिश तो कहीं धूल भरी आंधी का अलर्ट
पूर्वोत्तर के लिए भी गंभीर चेतावनी
मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है कि असम और मेघालय में 28 जून को, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 से 29 जून 2026 के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) हो सकती है. उत्तर बंगाल में ये सिलसिला 2 जुलाई तक जारी रहने की उम्मीद है, जबकि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में 3 जुलाई तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
हीटवेव के चलते यूपी-बिहार के स्कूलों में बदले नियम
एक तरफ कई राज्यों में बारिश हो रही है, तो वहीं यूपी और बिहार भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे हैं. ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों में स्टूडेंट्स को गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाने में मदद के लिए 'टीचर्स गाइडलाइन-2026' जारी की है. इसमें टीचर्स को जागरूकता फैलाने, हीट स्ट्रेस के लक्षणों को पहचानने, फर्स्ट एड देने और हीटवेव के असर को कम करने के लिए स्कूल लेवल पर हीट एक्शन प्लान लागू करने का निर्देश दिया गया है.
वहीं, बिहार में स्कूलों में कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए गर्मी की छुट्टियां 29 जून से बढ़ाकर 30 जून तक कर दी गई हैं.