दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में बुधवार सुबह हल्की-हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे.
सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान आंधी, बिजली चमकने और 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है.
IMD के अनुसार, शाम से रात के बीच कुछ जगहों पर एक बार फिर हल्की बारिश हो सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 31°C से 33°C और न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 23 जुलाई के लिए भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में बारिश का असर जारी है. स्काईमेट वेदर के मुताबिक 21 जुलाई को अलीगढ़ में 70 मिमी, बहराइच में 56 मिमी, कानपुर में 41 मिमी, मेरठ में 31 मिमी, शाहजहांपुर में 34 मिमी, आजमगढ़ में 48 मिमी, प्रयागराज में 96 मिमी और लखनऊ में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई.
इस बीच, पश्चिमी हिमालय में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब उत्तर प्रदेश में भी दिखने लगा है. पहाड़ों से आ रहे अतिरिक्त पानी और सक्रिय मानसून के चलते राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. फिरोजाबाद और उन्नाव के सरकारी अस्पतालों में पानी भरने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं. वहीं, शामली जिले में नहर पर बना एक पुल टूट गया, जिससे उससे जुड़ी सड़क करीब 10 फीट तक धंस गई. इसके कारण उस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
बिहार में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है. लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य की कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. कोसी और कमला बलान नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.