सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) से जुड़े मामले में शुक्रवार को दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की. यह इस मामले में सीबीआई की ओर से दाखिल की गई तीसरी चार्जशीट है. चार्जशीट मुंबई की विशेष सीबीआई कोर्ट में रिलायंस एडीए ग्रुप के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर अमिताभ झुनझुनवाला के खिलाफ दाखिल की गई है.
सीबीआई ने झुनझुनवाला पर आपराधिक साजिश, आपराधिक गबन और धोखाधड़ी से जुड़े आरोप लगाए हैं.
सीबीआई की जांच के मुताबिक, रिलायंस एडीए ग्रुप में अहम पद पर रहे अमिताभ झुनझुनवाला ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को धोखा देने में भूमिका निभाई.
जांच एजेंसी का आरोप है कि इस साजिश के तहत रिलायंस क्मयुनिकेशंस लिमिटेड और रिलायंस इंफ्राटेल लिमिटेड के लिए 1,200 करोड़ रुपये का टर्म लोन लिया गया. इन कंपनियों ने बाद में इस कर्ज को नहीं चुकाया, जिससे SBI को करीब 971.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.
मामले में अब तक 20 आरोपी चार्जशीटेड
सीबीआई ने यह मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत के आधार पर दर्ज किया था. FIR के मुताबिक, इस मामले में भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों की कुल 19,694.33 करोड़ रुपये की राशि दांव पर है.
सीबीआई ने इससे पहले 29 मई 2026 को पहली चार्जशीट दाखिल की थी. इसमें रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, कंपनी के पांच वरिष्ठ अधिकारियों और 10 बैंक अधिकारियों समेत कुल 16 आरोपियों को शामिल किया गया था.
इसके बाद सीबीआई ने तीन और आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की. इनमें नेटिज़न इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशक अनिल जमना कल्या और टुनु साहू शामिल हैं. अब अमिताभ झुनझुनवाला के खिलाफ दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल होने के बाद इस मामले में कुल 20 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है.
दूसरे आरोपियों और पहलुओं की जांच जारी
सीबीआई ने कहा है कि मामले में अन्य आरोपियों और जांच के दूसरे पहलुओं की पड़ताल अभी जारी है. एजेंसी ने बताया कि रिलायंस से जुड़े अलग-अलग मामलों में उसे विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, एलआईसी और EPFO से शिकायतें मिली थीं.
इन शिकायतों के आधार पर सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom), रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL), रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) और रिलांयस टेलिकॉम लिमिटेड (RTL) के खिलाफ कुल आठ FIR दर्ज की हैं.
रिलायंस एडीए ग्रुप मामलों में अब तक 7 गिरफ्तारियां
सीबीआई के मुताबिक, रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. ये सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. इन मामलों की जांच की निगरानी सुप्रीम कोर्ट कर रहा है. सीबीआई ने कहा है कि वह इन मामलों की जल्द और व्यापक जांच पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध है.